केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी का एक दिनी दौरा 22 को
Smriti Zubin Irani स्मृति जुबिन ईरानी अपने एक दिनी दौरे पर 22 फरवरी को अमेठी के जायस में राजीव गांधी पेट्रोलियम इंस्टीट्यूट के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। इसके साथ ही अपने आवास के लिए भूमि का बैनामा भी करवाएंगी।
लखनऊ, जेएनएन। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को उनके ही गढ़ अमेठी में हार का करारा स्वाद चखाने वाली केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी अब अमेठी में बड़ा काम करने जा रही हैं। केंद्रीय महिला एवं बाल कल्याण मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी अब अमेठी को अपना स्थाई ठिकाना बना रही है। वह 22 फरवरी को अमेठी दौरे पर अपने आवास के लिए भूमि का बैनामा भी कराएंगी।
स्मृति जुबिन ईरानी अपने एक दिनी दौरे पर 22 फरवरी को अमेठी के जायस में राजीव गांधी पेट्रोलियम इंस्टीट्यूट के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। इसके साथ ही अपने आवास के लिए भूमि का बैनामा भी करवाएंगी। स्मृति ने चुनाव के दौरान अमेठी में आवास बनाने का वादा किया था। इसे पूरा करने के लिए यहां जमीन ले रही हैं। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सोमवार सुबह 9:50 पर लखनऊ एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से होते हुए हैदरगढ़, जगदीशपुर व जामो होते हुए अमेठी के गौरीगंज पहुंचेंगी। यहां कलेक्ट्रेट में उपनिबंधक कार्यालय गौरीगंज पहुंचकर जमीन का बैनामा कराएंगी। इसके बाद स्मृति ईरानी दोपहर तीन बजे बहादुरपुर में राजीव गांधी पेट्रोलियम संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। यहां से चार बजे सलोन विधानसभा के गोपालपुर गांव में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। जहां सलोन, छतोह व डीह में निर्मित कई नए भवनों का लोकार्पण करने के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी करेंगी। इसके बाद यहीं से शाम सात बजे लखनऊ एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
जल्द शुरू होगा घर का निर्माण: कांग्रेस के सबसे मजबूत सियासी दुर्ग को भेदने के बाद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अमेठी में ही अशियाना बनाने की बात कही थी। जो अब हकीकत में बदलने जा रही है। जिला मुख्यालय गौरीगंज के करीब जल्द ही सांसद के स्थाई आवास के लिए भूमि का बैनामा करवाने की कवायद हो रही है। अमेठी में जीत दर्ज करने वाली स्मृति वैसे तो यहां 2014 में आने के बाद से लगातार सक्रिय रही। 2014 में हार के बाद भी उन्होंने अमेठी से अपना नाता नहीं तोड़ा तो अमेठी ने भी उन्हें दीदी के रूप में स्वीकार किया और 2019 में अपना सांसद चुना। जिसके बाद तिलोई के एक कार्यक्रम में स्मृति ने मंच से ही अमेठी में आवास बनाने की घोषणा करते हुए कहा था कि अब अमेठी का सांसद अपनों के साथ अपनों के बीच रहेगा। तब से लगातार आवास के लिए जमीन की तलाश हो रही थी। अब आवास के लिए उपयुक्त जमीन मिल गई है। भूमि का बैनामा होने के साथ ही आवास का निर्माण शुरू होगा। 2019 के पहले केंद्रीय मंत्री स्मृति ने गौरीगंज के जामो रोड़ पर कलेक्ट्रेट के पास मकान किराए पर ले रखा था। उसी मकान को बाद में आवास के साथ सांसद का कैंप कार्यालय भी बनाया गया। सांसद बनने के बाद स्मृति ने अमेठी में किसी गेस्ट हाउस के बजाय इसी आवास पर रुकती हैं और यहीं उनका कैंप कार्यालय भी चलता है।