लखनऊ में रिटायर्ड दारोगा के बेटे व दामाद ने किया सामूहिक दुष्कर्म, महिला ने दर्ज कराई एफआइआर
पीड़िता ने उच्चाधिकारियों से मिलकर लगाई गुहार तब जाकर हुई कार्रवाई। सरोजनीनगर थाने में दर्ज हुआ मामला आरोपितों की तलाश जारी। दुष्कर्म के दौरान उसका अश्लील वीडियो बनाया। कहा- शादी का दबाव बनाया तो वीडियो कर देंगे वायरल।
लखनऊ, जेएनएन। हाथरस और बलरामपुर की घटना के बाद सरोजनीनगर में भी सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। कानपुर निवासी महिला ने वहीं के रहने वाले रिटायर्ड दारोगा के बेटे अभिषेक वर्मा, दामाद व अन्य के खिलाफ सरोजनीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर सरोजनीनगर आनंद शाही के मुताबिक महिला और युवक के बीच 15 दिन पहले ही थाने पर सुलहनामा भी हुआ था, महिला शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगा रही है। मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जा रही है। महिला का आरोप है कि घटना में अभिषेक के दो भाई भी शामिल हैं। महिला ने बताया कि उसे सरोजनीनगर बुलाकर रातभर उसके साथ दरिंदगी की गई फिर आरोपित उसे सड़क पर फेंक कर फरार हो गए। होश में आने के बाद पीड़िता ने हेल्पलाइन नंबर 1090 पर शिकायत करने के साथ ही सरोजनीनगर थाने में सूचना दी। आरोप है पहले कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय से मिलकर गुहार लगाई, जिसके बाद कमिश्नर ने एसीपी स्तर के अधिकारी को जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए।
बर्थ डे पार्टी में हुई थी मुलाकात
कानपुर निवासी महिला के मुताबिक उसके पति की मौत हो चुकी है। उसका एक 10 साल का बेटा भी है, जो अपनी नानी के पास रहता है। उसने बताया कि करीब सात महीने पहले युवक से बर्थडे पार्टी में उसकी मुलाकात हुई थी। इसके बाद वह फोन पर बात करने लगा और शादी का झांसा देकर करीब छह महीने तक उसका यौन शोषण किया। पीड़िता के मुताबिक शादी का दबाव बनाने पर आरोपित उससे दूरी बनाने लगा। इतना ही नहीं आरोपी के मम्मी-पापा से संपर्क करने पर उन लोगों ने शादी से पहले आरोपित के नाम अपने मकान की रजिस्ट्री करने को कहा। इस पर युवती ने मकान की रजिस्ट्री करवाने से मना कर दिया। जिसके बाद उसे धमकी दी जाने लगी।
अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक 15 सितंबर को आरोपित ने शादी करने का झांसा देकर सरोजनीनगर स्थित अपने घर बुलाया। रात को वह वहां पहुंची थी, उसके पास ज्वैलरी और 90 हजार रुपये की कैश भी था। आरोप है कि उस समय घर मे आरोपित और उसके दो भाई समेत बहनोई भी थे। उसे चाय पीने को दी गई, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। आरोप है कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। सुबह होश आने पर उसने खुद को चौराहे पर पड़ा पाया। पीड़िता के मुताबिक मामले की शिकायत पुलिस से करने पर आरोपित ने शादी करने की बात कहकर सुलह कर लिया, लेकिन बाद में उसे बताया गया कि उन लोगों ने दुष्कर्म के दौरान उसका अश्लील वीडियो बना लिया था। वह शादी का दबाव बनाएगी तो वह लोग वीडियो वायरल कर बदनाम कर देंगे।
एफबी पर अपलोड की अश्लील फोटो और वीडियो
पीड़ित युवती का कहना है कि आरोपी के भाई ने उसके नाम की फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर उसकी वीडियो और फोटो अपलोड कर दी है। इससे उसकी बदनामी हो रही है। विरोध पर धमकाया जा रहा है।.
आरोपित का बहनोई एसपी का पीआरओ
पीड़िता के मुताबिक आरोपित युवक के पिता करीब एक साल पहले ही सरोजनीनगर थाने से दर रिटायर्ड हुए हैं। वहीं उसका बहनोई खुद को एक एसपी का पीआरओ बताता है। इसकी वजह से सरोजनीनगर थाने में अभी तक सुनवाई नहीं हो रही थी।