कैंट विधानसभा उपचुनाव : अखिलेश के गणित ने दिखायी कई दावेदारों को जमीन Lucknow news
कैंट विधानसभा उपचुनाव का प्रत्याशी तय करने के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लिया इंटरव्यू। 15 दावेदारों को पिछले चुनावों के आंकड़ों पर घेरा।
लखनऊ, (निशांत यादव)। कैंट विधानसभा उपचुनाव लडऩे की हसरत लेकर 15 दावेदार इंटरव्यू देने समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे थे। इंटरव्यू खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लिया। अखिलेश पूरी तैयारी से थे। जब बात हुई दावेदारों की बूथ संख्या की तो वहां 2012 और 2017 विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिले मत का आंकड़ा अखिलेश यादव ने गिनाया। किसी बूथ पर 55 तो कहीं 200 के करीब वोट पार्टी को इन चुनावों में मिले। दावेदारों को उन्होंने आईना दिखाया और कहा कि अभी संगठन को मजबूत करने के लिए और मेहनत की जरूरत है। अब प्रत्याशी की घोषणा पार्टी दो दिनों में कर सकती है।
सपा प्रदेश कार्यालय पर निवर्तमान महानगर इकाई के पदाधिकारियों के साथ पूर्व सांसदों और विधायकों को दावेदारों की स्क्रीनिंग के लिए बुलाया गया था। इसमें सात नाम जहां महानगर की निवर्तमान इकाई ने पैनल को भेजे थे। वहीं दूसरी ओर प्रदेश कार्यालय पर भी सात दावेदारों ने आवेदन किया था। स्क्रीनिंग कमेटी में मुख्य रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम शामिल हुए। अखिलेश यादव ने हर दावेदार का औसतन 15 मिनट तक इंटरव्यू लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री के पास कैंट विधानसभा के 2012 और 2017 के चुनाव के बूथवार आंकड़े थे। दावेदार जिस क्षेत्र का था, वहां के बूथ पर पार्टी के प्रदर्शन को लेकर सवाल पूछे। जातीय समीकरण के साथ जनता के मुद्दों को लेकर भी दावेदारों की जानकारी परखी। साथ ही चुनाव को जिताने के लिए दावेदारों की प्लानिंग भी जानी। इसके बाद सभी दावेदारों की सामूहिक रूप से महानगर की निवर्तमान कार्यकारिणी, पूर्व सांसदों व विधायकों के साथ बैठक कराकर मजबूती से चुनाव लड़ाने के निर्देश दिए।