लखनऊ में एक घर की छत तक जा पहुंचा सांड, जमकर मचाया उत्पात, सहमे लोग
लखनऊ के आलमबाग में स्नेहनगर मोहल्ले के लोग काफी भयभीत हैं। यहां पर लोग सुबह जब नींद से जागे तो शोर सुनकर छत की ओर भागे। वहां का नजारा देखकर इनका उलटे पांव भागना ही जायज था।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में इन दिनों छुट्टा जानवरों का कहर लोगों को बड़ी परेशानी में डाल रहा है। सूबे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही उनके तमाम मंत्री भले ही दावा कर रहे हैं कि छुट्टा जानवरों को गौशाला में रखा जा रहा है, लेकिन इसकी हकीकत जुदा है।
राजधानी लखनऊ के आलमबाग में स्नेहनगर मोहल्ले के लोग काफी भयभीत हैं। यहां पर लोग सुबह जब नींद से जागे तो शोर सुनकर छत की ओर भागे। वहां का नजारा देखकर इनका उलटे पांव भागना ही जायज था। उनके घर की छत पर बने लॉन में एक सांड गमले तोडऩे में लगा था। इन लोगों ने सांड को भगाने का काफी देर तक प्रयास किया। इसके बाद नगर निगम में फोन लगाया गया। नगर निगम की मदद से उत्पात मचा रहे सांड को नीचे उतारा गया।
सड़कों पर छुट्टा सांड़ों का राहगीरों के लिए मुसीबत बनना तो आम बात है, लेकिन क्या आप यकीन कर सकते हैं कि एक सांड़ किसी की छत पर मौजूद हो और उत्पात मचाये। विश्वास करना भले ही मुश्किल लगे, लेकिन लखनऊ के आलमबाग के आदर्शनगर मोहल्ले में रहने वाले एक परिवार को ऐसी ही मुश्किल का सामना करना पड़ा।
लखनऊ के आलमबाग के पास स्नेहनगर में एक घर की छत में सांड़ चढ़ गया। घर के लोगों का जब हौसला टूट गया तो सांड़ को पकडऩे के लिए नगर निगम की टीम को बुलाया गया। नगर निगम की टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद सांड पर काबू पाया गया। इसके बाद एक ट्रक में लाद कर कान्हा उपवन छोड़ा गया।