जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनाया जाएगा मायावती का जन्मदिन
बहुजन समाज पार्टी ने आज राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती की अध्यक्षता में सम्पन्न बैठक में बीएसपी मूवमेंट को और मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया गया। बैठक में बसपा सुप्रीमो के साथ राज्यसभा सांसद, विधायक तथा पदाधिकारी मौजूद थे। इस अवसर पर बसपा सुप्रीमो के जन्मदिन 15 जनवरी को जनकल्याणकारी दिवस
लखनऊ।बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती का जन्मदिन जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन 15 जनवरी को जिला मुख्यालयों पर जन्मदिन का केक कटेगा और गरीब व असहायों की हर संभव मदद की जाएगी। इस अवसर पर केंद्र की राजग व राज्य की सपा सरकार की विफलताएं गिनांईं जाएंगी। साथ ही पूर्व की बसपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाकर अगले विधानसभा चुनाव में पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश पार्टी मुख्यालय में आज पदाधिकारियों व विधायकों की आयोजित बैठक में बतौर मुख्य अतिथि पहुंची मायावती ने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं देने के साथ ही तन, मन, धन से संगठन को ज्यादा मजबूत कर सर्वसमाज में पार्टी के जनाधार को और बढ़ाने का आह्वïन किया ताकि बीएसपी मूवमेंट केंद्र की एनडीए और राज्य की सपा सरकार से लोहा लेकर उसे परास्त कर सके। दोनों ही सरकारों की तमाम विफलताओं को गिनाते हुए बसपा प्रमुख ने कहाकि लोगों की आशाओं व अकांक्षाओं पर सरकारें खरी नहीं उतर रही हैं। मायावती ने झारखंड, जम्मू-कश्मीर सहित पूर्व में चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में पार्टी की स्थिति के बारे में भी बताया। इससे पहले पदाधिकारियों ने राज्य की बिगड़ी कानून व्यवस्था और जन्मदिन की तैयारियों के संबंध में बसपा प्रमुख को बताया। कोआर्डिनेटरों ने बताया कि सेक्टर स्तर तक संगठन को खड़ा करने का काम पूरा हो चुका है। बूथ स्तर का कार्य किया जा रहा है।
सर्वसमाज को ज्यादा से ज्यादा मदद
मायावती ने कहा कि उनके जन्मदिन को जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनाए जाने के दौरान सर्वसमाज के गरीबों व असहाय लोगों को ज्यादा से ज्यादा हर संभव मदद की जाए। सूत्रों के मुताबिक जिला मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले जन्मदिन समारोह में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से पांच-पांच हजार लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। जिस विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम होगा वहां से 10 हजार लोगों को लाने का लक्ष्य दिया गया है। मंडल कोआर्डिनेटर के नेतृत्व में 'बहन जी ' के 59 वें जन्मदिन समारोह में 59 किलो का केक काटने के साथ ही गरीबों को कंबल व लड्डू बांटने के अलावा मरीजों को फल आदि वितरित किए जाएंगे। केंद्र व राज्य सरकार की विफलताएं गिनाने के साथ ही पूर्व की बसपा सरकार के कार्यों को बताते हुए अगले विधानसभा चुनाव में पार्टी को बड़ी सफलता दिलाकर सरकार बनाने का संकल्प लिया जाएगा। जन्मदिन के मौके पर मायावती के सुबह लखनऊ में रहने की उम्मीद है। वह ब्लू बुक के नए संस्करण का विमोचन करने के बाद दोपहर में दिल्ली जा सकती हैं।