BSP सुप्रीमो मायावती कांग्रेस पर लगातार हमलावर, कहा-MP में कांग्रेस तथा UP में भाजपा सरकार आतंक फैला रही
बसपा सुप्रीमो मायावती ट्विटर पर बेहद सक्रिय हो गई हैं। ट्विटर पर अपना नाम बदलने के बाद उन्होंने आज कंग्रेस की मध्य प्रदेश सरकार पर हमला बोला है।
लखनऊ, जेएनएन। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती इन दिनों कांग्रेस पर बेहद हमलावर हैं। मध्य प्रदेश की सरकार पर लगातार प्रहार करने वाली मायावती ने कांग्रेस तथा भाजपा के कृत्य को निंदनीय कहा है।मध्य प्रदेश में बसपा के समर्थन से कांग्रेस की सरकार बनी है। इसके बाद भी मायावती लगातार कमलनाथ सरकार को कठघरे में खड़ा कर रही हैं।
बसपा सुप्रीमो मायावती ट्विटर पर बेहद सक्रिय हो गई हैं। ट्विटर पर अपना नाम बदलने के बाद उन्होंने आज कंग्रेस की मध्य प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि मध्य प्रदेश सरकार ने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की तरह ही गोहत्या के शक में मुसलमानों पर रासुका के तहत बर्बर कार्रवाई की। इनकी यह कृत्य बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने एएमयू के 14 छात्रों पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया है। इनका कृत्य तो सरकारी आतंक है व अति-निन्दनीय। लोग फैसला करे कि दोनों सरकारों में क्या अन्तर है। एमपी में कांग्रेस तथा यूपी में भाजपा सरकार आतंक फैला रही है। इन दोनों का कृत्य निंदनीय है।
इससे पहले कल मायावती ने कहा कि संसद के बजट सत्र के अंतिम दिन आयी राफेल विमान सौदे पर कैग की रिपोर्ट जनता की नजर में आधी-अधूरी है। उन्होंने ट्वीट किया, ''राफेल विमान सौदे पर बहु-प्रतीक्षित सीएजी रिपोर्ट जनता की नजर में आधी अधूरी। यह न तो सम्पूर्ण और न ही पूरी तरह से सही। भाजपा सरकार में क्यों संवैधानिक संस्थाये अपना काम पूरी ईमानदारी से नहीं कर पा रही हैं? देश चिन्तित है।"