बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र का आह्वान, आरक्षित सीटों पर ताकत लगाएं ब्राह्मण कार्यकर्ता
उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी के लिए बहुजन समाज पार्टी फिर से सोशल इंजीनियरिंग के फार्मूले पर ही सबसे अधिक भरोसा है। ब्राह्मणों को एकजुट करने के लिए प्रदेशभर में सभाएं कर चुके पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र अब हर मंडल मुख्यालय में जनसभा करेंगे।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी के लिए बहुजन समाज पार्टी फिर से सोशल इंजीनियरिंग के फार्मूले पर ही सबसे अधिक भरोसा है। ब्राह्मणों को एकजुट करने के लिए प्रदेशभर में सभाएं कर चुके पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र अब हर मंडल मुख्यालय में जनसभा करेंगे। उन्होंने आरक्षित सीटों पर जीत के लिए ब्राह्मण कार्यकर्ताओं को जुट जाने का संदेश दिया है।
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने रविवार को पार्टी कार्यालय पर प्रदेश की 86 आरक्षित सीटों के लिए ब्राह्मण समाज की अलग से बैठक की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आठ दिसंबर से वह खुद सभी मंडल मुख्यालयों में जनसभा करने के लिए निकल रहे हैं। समाज के कार्यकर्ता आरक्षित सीटों को जिताने के लिए मेहनत करें। समाज के सभी वर्गों से मेल-मिलाप कर इन सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर बसपा प्रमुख मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लेना है।
गत दिवस राजधानी में 69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज के लिए सरकार की आलोचना करते हुए बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि यह अभ्यर्थी मायावती से मिले थे। पूर्व मुख्यमंत्री ने इन्हें आश्वस्त किया कि आंदोलन छोड़कर बसपा की सरकार बनवाने में जुटें। सरकार आने पर सभी को रोजगार दिया जाएगा। मिश्र ने कहा कि भाजपा दहशत के साथ सरकार चला रही है। आज प्रदेश में दहशत का माहौल है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को सही दिशा में चलने का संदेश देते हुए याद दिलाया कि सोमवार को डा. भीमराव आंबेडकर का परिनिर्वाण दिवस है। बाबा साहब से प्रेरणा लेकर चुनाव की तैयारियों में जुटें। बैठक के दौरान आजाद समाज पार्टी के संस्थापक सदस्य आशीष भारती, झांसी से जिला पंचायत सदस्य रजनी गौतम और हाथरस के दिनेश देशमुख ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जबकि आदर्श संग्राम पार्टी के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष गौतम भारती, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद्मावती और राष्ट्रीय महामंत्री प्रतीक पांडेय ने बसपा को अपना समर्थन दिया।