सगाई के बाद प्रेमिका के साथ भागा प्रेमी, रिश्ता तोड़ने पर फेसबुक पर लड़की की आपत्तिजनक फोटो कर दी वायरल
लखीमपुर में सगाई करने के बाद प्रेमिका के संग भागा युवक सामान वापस मांगने पर लड़की वालों के साथ की अभद्रता।
लखीमपुर, जेएनएन। सदर कोतवाली इलाके के एक व्यक्ति की पुत्री की शादी जिस लड़के से तय हुई, सगाई के बाद उस लड़के का प्रेम प्रसंग सामने आ गया, लड़का अपनी प्रेमिका संग भाग गया। इस पर लड़की वालों ने रिश्ता तोड़ दिया। उन लोगों ने जब लड़के वालों से सगाई में दिए गए जेवर व नकदी वापस मांगी तो उनसे अभद्रता की जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।
यह है मामला
पुलिस को दी गई तहरीर में लड़की के पिता ने कहा है कि उन्होंने अपनी पुत्री की शादी फरधान क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से तय की थी। बीते नवंबर माह में सगाई हुई थी और शादी आगामी फरवरी माह में होनी तय थी। सगाई में लड़के वालों को एक लाख बीस हजार रुपये कीमत के जेवर उपहार में देने के साथ ही 40 हजार रुपये से ज्यादा नकदी भी दी थी। सगाई के कुछ दिन बाद ही उक्त लड़के का एक अन्य लड़की से प्रेम प्रसंग तब सामने आया, जब वह उस लड़की के साथ घर भाग गया। इस पर उक्त पीडि़त पिता ने अपनी लड़की का रिश्ता उस लड़के से तोड़ दिया और सगाई में दी गई रकम व उपहार वापस मांगे जो कि लड़के वालों ने देने से मना कर दिया गया। उनके साथ काफी अभद्रता और गाली-गलौज की गई। यही नहीं गत 12 जनवरी को लड़ने ने फेसबुक पर लड़की की फोटो के साथ आपत्तिजनक पोस्ट भी डाल दी। इस मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर लड़के व उसके भाई व पिता के खिलाफ एफआइआर दर्ज ली है।