गुजरात के CM विजय रूपाणी को लखनऊ में दिखाए काले झंडे-गुब्बारे, जमकर हुआ विरोध
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का शहर में जबरदस्त विरोध हो रहा है। सोमवार सुबह भी कुछ लोगों ने काले गुब्बारे उड़ाकर विरोध जताया।
लखनऊ (जेएनएन)। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का राजधानी लखनऊ में जबरदस्त विरोध जारी है। सोमवार को राजधानी में पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोहिया पथ पर काले गुब्बारे उड़ाकर विरोध जताया। वहीं, इसके बाद लखनऊ विश्वविद्यालय के सामने से गुजर रहे उनके काफिले को समाजवादी छात्र सभा के तहत छात्रों ने काला झंडा दिखाया। मौके पर मौजूद पुलिस ने सात छात्रों को पकड़कर हसनगंज थाना ले गई, जहां से उनको जेल भेज दिया गया। वहीं, समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने छात्रों पर बर्बर कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कहा कि यह लोकतंत्र का हनन है।
शांति भंग में सात को भेजा जेल
गुजरात में उत्तर भारतीयों पर हुए हमले के विरोध में समाजवादी छात्र सभा के बैनर तले छात्रों ने लखनऊ विश्वविद्यालय के सामने वहां के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को काला झंडा दिखाया। इसमें लविवि के छात्रों में करुणेश द्विवेदी, महेंद्र कुमार, रोहित यादव, माधुर्य सिंह, अनुज यादव, अमर यादव और अनुराग पाल शामिल हैं।उन्होंने काला झंडा दिखाते हुए कहा कि विजय रूपाणी वापस जाओ।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिखाए काले गुब्बारे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोहिया पथ पर काले गुब्बारे उड़ाकर विरोध जताया। इस दौरान वहां हंगामे की स्थित बन गई। पुलिस सक्रियता दिखाते हुए काले गुब्बारे उड़ाने वालों को दौड़ाकर पकड़ा और जीप में लेकर चले गए। इससे पहले रविवार को कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने काला झंडा दिखाकर विरोध किया। युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के पदाधिकारियों ने उनका विरोध किया और गो बैक कहकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस ने 12 लोगों को हिरासत में लिया जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।
पुलिस ने काले गुब्बारे उड़ाने के आरोप में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन मंत्री अमित श्रीवास्तव त्यागी के साथ यूथ कांग्रेस के शहर सचिव मो. जावेद, प्रदेश सचिव शाबाश खान व मो. आशिफ को हिरासत में लेकर हज़रतगंज कोतवाली ले गई। वहीं अमित त्यागी के मुताबिक उन्होंने काले गुब्बारे नहीं उड़ाए, लेकिन उत्तर भारतीयों पर गुजरात में हो रहे हमले के विरोध में शामिल हैं। वहीं माल एवेन्यू स्थित कांग्रेस मुख्यालय से भी काले गुब्बारे उड़ाए गए हैं।
रविवार को एयरपोर्ट से देर शाम गुजरात के सीएम पांच काली दास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास जा रहे थे। इसी बीच लाल बत्ती चौराहे के पास कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर आ गए और नारेबाजी करते हुए काले झंडे दिखाए। उल्लेखनीय है कि गुजरात में उत्तर प्रदेश के लोगों पर अत्याचार हो रहा है। उसी का विरोध करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे थे।
एएसपी पूर्वी सर्वेश कुमार मिश्र के मुताबिक रविवार को पकड़े गए लोगों में प्रदेश प्रवक्ता उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विशाल राजपूत, प्रभारी युवा कांग्रेस श्रोत गुप्ता, प्रदेश महासचिव अभिषेक सिंह पटेल, प्रदेश सचिव पंकज तिवारी, मेंहदी हसन, शैलेंद्र कुमार दीक्षित, गौरव त्रिपाठी, आसिफ रिजवी, सूर्य प्रकाश सिंह, इरफान हसन, विवेक आम और अनुशेष शर्मा के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है। बाद में सभी को छोड़ दिया गया।
गुजरात के मुख्यमंत्री रविवार शाम को दो दिवसीय प्रवास पर लखनऊ पहुंचे। यहां अपने सरकारी आवास पर मुख्यमंत्री योगी ने उनका स्वागत किया। योगी ने रूपाणी को भगवान श्रीराम की प्रतिमा और कुंभ का लोगो भेंट किया। इस मौके पर विधानसभा के अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित, उप मुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा के अलावा अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे। दोनों मुख्यमंत्रियों में गुजरात में हाल में हुए उत्तर भारतीयों पर हमले, 31 अक्टूबर को देश के पहले उपप्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री की मूर्ति स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के अनावरण कार्यक्रम और उसके पास बनने वाले एक भारत श्रेष्ठ भारत कांप्लेक्स के पास उप्र भवन के लिए जमीन आवंटित करने के बारे में बात हुई।