UP Panchayat Chunav: पंचायत चुनाव में मजबूत दावेदारी के लिए गांव-गांव सरकार की उपलब्धियां गिनाएंगे भाजपाई
लखनऊ बीजेपी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष ने कहा कि बूथ को केंद्रित कर चलाए जाने वाले कार्यक्रमों की पहले विस्तृत योजना रचना तैयार करनी चाहिए। हर बूथ को भाजपा का अभेद्य दुर्ग बनाना होगा।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पूरी मजबूती से उतरने के लिए ग्राम संपर्क अभियान चलाया जाए और चौपालों पर सरकार की उपलब्धियों को प्रचारित करें। शुक्रवार को यह मंत्र भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष ने प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में दिए। प्रत्येक बूथ पर मजबूत और सर्वस्पर्शी संगठन तैयार करने की हिदायत भी दी।
राजधानी लखनऊ स्थित बीजेपी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बीएल संतोष ने कहा कि बूथ को केंद्रित कर चलाए जाने वाले कार्यक्रमों की पहले विस्तृत योजना रचना तैयार करनी चाहिए। हर बूथ को भाजपा का अभेद्य दुर्ग बनाना होगा। जब हम बूथ पर मजबूत संगठन खड़ा कर लेंगे तो हर एक चुनाव में विजय सुनिश्चित है।
बैठक में पंचायत चुनाव और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा में आत्मनिर्भर प्रदेश के संकल्प को दोहराया गया। योगी सरकार को बजट पर बधाई दी गई। साथ ही योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व जनहित में किए कार्यों को जनता के बीच ले जाने का निर्णय हुआ।
पंचायत चुनाव को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। तय किया कि ग्राम पंचायत स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। ग्राम चौपालों का आयोजन करने के साथ गांवों में संपर्क अभियान भी चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की केंद्र व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और जनहित में किए गए फैसलों को लेकर सभी वर्गो के बीच पहुंचेंगे। सभी प्रमुख नेताओं को अपने- अपने क्षेत्रों में होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होने का कहा गया। बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह, महामंत्री सुनील बंसल, कर्मवीर, भवानी सिंह के अलावा सह प्रदेश प्रभारी भी उपस्थित थे।
प्रदेश अध्यक्ष जाएंगे मऊ : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह शनिवार को मऊ में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने बताया कि पूर्वाह्न 11.30 बजे रामपुर बेलौली थाने के निकट सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद किसान सभा को संबोधित करेंगे।