Move to Jagran APP

मुलायम सिंह यादव ने कल्याण सिंह को नहीं दी श्रद्धांजलि, भाजपा सांसद सुब्रत पाठक ने सपा पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर अंतिम दर्शन के लिए जब समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव नहीं पंहुचे तो भाजपा सांसद सुब्रत पाठक ने ट्वीट कर दोनों नेताओं पर तीखे प्रहार किए हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Mon, 23 Aug 2021 09:48 PM (IST)Updated: Mon, 23 Aug 2021 09:48 PM (IST)
मुलायम सिंह यादव ने कल्याण सिंह को नहीं दी श्रद्धांजलि, भाजपा सांसद सुब्रत पाठक ने सपा पर साधा निशाना
भाजपा सांसद सुब्रत पाठक ने ट्वीट कर सपा संस्थापक मुलायम सिंह व अखिलेश को घेरा।

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर भी सियासत गरमा गई है। उनके अंतिम दर्शन के लिए जब समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव नहीं पंहुचे, तो भाजपा सांसद सुब्रत पाठक ने ट्वीट कर दोनों नेताओं पर तीखे प्रहार किए हैं। वहीं यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कल्याण सिंह किसी की श्रद्धांजलि के मोहताज नहीं हैं लेकिन भगवान राम उन्हें सद्बुद्धि दें जो दिवंगत आत्माओं में भी तुष्टिकरण देखते हैं।

loksabha election banner

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन के बाद उनके अंतिम दर्शन करने नहीं पहुंचे सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को कन्नौज से भाजपा सांसद सुब्रत पाठक ने घेरा है। उन्होंने सोमवार को ट्वीट किया-' हिंदू हृदय सम्राट स्व. बाबू कल्याण सिंह जैसे जनप्रिय नेता को अगर मुलायम सिंह और अखिलेश यादव श्रद्धांजलि और सम्मान नहीं देंगे, तो इससे बाबूजी के कद पर कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन यह सच है कि अगर लखनऊ में ये दोनों कल्याण सिंह के आखिरी दर्शन कर लेते तो इससे कारसेवकों पर गोली चलवाने वाली समाजवादी पार्टी को अपने पाप धोने का आखिरी मौका जरूर मिल जाता। लेकिन विनाशकाले विपरीत बुद्धि और यही इनकी तालिबानी मानसिकता को दर्शाता है।

भाजपा सांसद सुब्रत पाठक ने ट्वीट की पुष्टि भी की है। उधर, सांसद का यह ट्वीट इंटरनेट मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे री-ट्वीट भी कर रहे हैं। बता दें कि कल्याण सिंह, मुलायम सिंह यादव के साथ जनता पार्टी के सरकार में 1977 में मंत्रिमंडल में रहे थे। कल्याण सिंह जब भाजपा से नाराज हुए तो मुलायम सिंह के करीब गए। कल्याण सिंह ने अपनी पार्टी बनाई और समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन कर चुनाव भी लड़ा। मायावती के कल्याण सिंह से रिश्ते कभी मधुर नहीं रहे। बावजूद इसके बसपा सुप्रीमो कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित करने लखनऊ में उनके घर पहुंची थीं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.