Move to Jagran APP

फैजाबाद को अयोध्या, इलाहाबाद को प्रयागराज, भाजपा दे रही हिंदुत्व के एजेंडे को विस्तार

लोकसभा चुनाव में विपक्ष के समीकरण को निष्प्रभावी करने के लिए भाजपा हिंदुत्व के मुद्दे को प्रमुखता से उभारेगी।

By Nawal MishraEdited By: Published: Tue, 06 Nov 2018 06:58 PM (IST)Updated: Wed, 07 Nov 2018 09:58 AM (IST)
फैजाबाद को अयोध्या, इलाहाबाद को प्रयागराज, भाजपा दे रही हिंदुत्व के एजेंडे को विस्तार
फैजाबाद को अयोध्या, इलाहाबाद को प्रयागराज, भाजपा दे रही हिंदुत्व के एजेंडे को विस्तार

लखनऊ (जेएनएन)। लोकसभा चुनाव में विपक्ष के समीकरण को निष्प्रभावी करने के लिए भाजपा हिंदुत्व के मुद्दे को प्रमुखता से उभारेगी। इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज करने और अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा फैजाबाद का नाम अयोध्या किये जाने की घोषणा इसकी सबसे अहम कड़ी है। अयोध्या में दीप पर्व मनाने से पहले भी योगी सरकार ने धर्म और आस्था से जुड़े कार्यक्रमों को खूब महत्व दिया है। अयोध्या का विकास भाजपा के प्रमुख एजेंडे में है। भाजपा नेता राम मंदिर को लेकर भी अब मुखर हो गये हैं।

loksabha election banner

शक्ति पीठ मेलों का प्रांतीयकरण 

अयोध्या में भगवान राम की भव्य प्रतिमा लगाने की भी तैयारी चल रही है। इसके पहले सरकार ने नैमिषारण्य, देवीपाटन और विंध्यवासिनी शक्ति पीठ मेलों का प्रांतीयकरण किया। रामायण सर्किट से लेकर मथुरा-वृंदावन क्षेत्र का विकास, मथुरा-वृंदावन और अयोध्या को नगर निगम बनाने और धार्मिक पर्वों को भव्यता से मनाने में सरकार की सक्रियता ने भाजपा कार्यकर्ताओं को उत्साहित किया। भाजपा कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में सघन अभियान की हिदायत है। बहस-विमर्श, संगोष्ठी, जनसंपर्क के दौरान हिंदुत्व के एजेंडे को विस्तार दिया जाना है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. समीर सिंह का कहना है कि भाजपा की सरकार बनने के बाद से सांस्कृतिक विकास की नई ज्योति जगी है और अयोध्या का दीपोत्सव इसका गवाह बना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय लगातार मंदिर मुद्दे पर बोल रहे हैं। 

फैजाबाद को अयोध्या किया जाना दीपावली का उपहार 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या किये जाने के फैसले को सरकार का प्रदेशवासियों के लिए दीपावली का उपहार बताया है। डॉ. पांडेय ने कहा कि अयोध्या न केवल भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है बल्कि सात पवित्र पुरियों में एक है। पूरे विश्व से राम भक्त अयोध्या से न केवल आस्था अपितु आत्म और राष्ट्र गौरव के भाव से भी स्वयं को जोड़ते हैं। इसलिए उसे उसकी मूल पहचान से ही जाना चाहिए। योगी सरकार ने यह पहल करके वैश्विक स्तर पर अयोध्या के मूल गौरव को स्थापित करने की दिशा में अभिनव कदम उठाया है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.