Move to Jagran APP

भाजपा फिर शौर्य गाथा लेकर बढ़ेगी आगे, बारिश के बाद गरजेंगे मोदी और शाह

भाजपा के चुनावी रथ पर अटल बिहारी वाजपेयी का छत्र रहेगा और उनकी कविताओं और भाषण के सहारे सहानुभूति लहर चलेगी।

By Nawal MishraEdited By: Published: Fri, 14 Sep 2018 07:00 PM (IST)Updated: Sat, 15 Sep 2018 11:55 PM (IST)
भाजपा फिर शौर्य गाथा लेकर बढ़ेगी आगे, बारिश के बाद गरजेंगे मोदी और शाह
भाजपा फिर शौर्य गाथा लेकर बढ़ेगी आगे, बारिश के बाद गरजेंगे मोदी और शाह

लखनऊ (जेएनएन)। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 80 में 74 सीटें जीतने के लिए भाजपा फिर सर्जिकल स्ट्राइक की शौर्य गाथा को लेकर आगे बढ़ेगी। भाजपा के चुनावी रथ पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का छत्र रहेगा और उनकी कविताओं और भाषण के सहारे सहानुभूति की भी लहर चलेगी। सभी अभियान के केंद्र में मोदी होंगे और पदयात्रा तथा सेवा संकल्पों के साथ दिसंबर तक के कार्यक्रम को पार्टी ने अंतिम रूप दे दिया है। आमजन के बीच पकड़ मजबूत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की जनवरी और फरवरी माह में  पांच-पांच रैलियां होंगी।

loksabha election banner

सात स्तरीय कार्ययोजना पर मुहर 

शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव, सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, सभी क्षेत्रीय अध्यक्ष और संगठन मंत्रियों की बैठक में सात स्तरीय कार्ययोजना पर मुहर लगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने पत्रकारों को इन कार्यक्रमों का ब्यौरा दिया। डॉ. पांडेय ने बताया कि 15 सितंबर से दो अक्टूबर तक स्वच्छता अभियान चलेगा। 16 सितंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के एक माह पूरे हो रहे हैं। हर विधानसभा में आयोजित होने वाली काव्यांजलि में अटल जी की कविताओं का पाठ होगा। 17 से 25 सितंबर तक सेवा सप्ताह मनाया जाएगा। 17 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म दिन है जबकि 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है। सेवा सप्ताह में मुख्यमंत्री, मंत्री और संगठन के पदाधिकारी प्रदेश के ग्रामीण और शहर के स्लम बस्तियों में जाकर स्वास्थ्य शिविर लगाएंगे।

भाजपा 29 सितंबर को शौर्य दिवस मनाएगी

डॉ. पांडेय ने कहा कि 29 सितंबर को सर्जिकल स्ट्राइक की जयंती है। भारतीय सेना के जवानों के अद्भुत पराक्रम का यह अप्रतिम उदाहरण है। समाज की अग्रणी संस्थाओं के साथ भाजपा इस दिन शौर्य दिवस मनाएगी। 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय कार्यसमिति में दुनिया की सबसे ऊंची 182 मीटर की सरदार बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा का गुजरात में प्रधानमंत्री अनावरण करेंगे। पटेल जयंती पर भाजपा रन फार यूनिटी का आयोजन करेगी। गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा विजयादशमी से लेकर दीपावली तक पदयात्राओं का आयोजन करेगी। भाजपा पहली बार अपने सभी मोर्चों की भी कार्यसमिति की बैठकें करेगी। यह आयोजन नवंबर माह में होगा। इसे भाजपा की विस्तारित कार्यसमिति का नाम दिया जाएगा। इसके अलावा दिसंबर माह में प्रकोष्ठों के भी सम्मेलन होंगे। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.