Bharat Bandh: कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान संगठनों का भारत बंद आज, समर्थक-विरोधी आमने सामने
Bharat Bandh नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे भारतीय किसान यूनियन समेत कई संगठनों ने साथ मिलकर शुक्रवार को भारत बंद का आह्वान किया है। इस दौरान सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक दुकानें मॉल आदि प्रतिष्ठानों को बंद रखने की अपील की गई है।
लखनऊ, जेएनएन। नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे भारतीय किसान यूनियन समेत कई संगठनों ने साथ मिलकर शुक्रवार को भारत बंद का आह्वान किया है। इस दौरान सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक दुकानें, मॉल आदि प्रतिष्ठानों को बंद रखने की अपील की गई है। हालांकि भारत बंद के विरोधी अनेक किसान संगठनों ने सड़कों पर उतरकर बंद की मुखालफत करने का ऐलान किया है। भारत बंद को लेकर समर्थक व विरोधी आमने सामने आ गए हैं।
भारतीय किसान यूनियन के उपाध्यक्ष हरिनाम सिंह का कहना है कि बंद सफल बनाने के लिए सभी जिलाध्यक्षों को निर्देश जारी किए जा चुके हैं। होली का पर्व निकट होने व आम जनता की सुविधा को देखते हुए आंदोलन शांतिपूर्ण रहेगा। भारत बंद आह्वान के जरिये किसान कृषि कानूनों की वापसी व एमएसपी कानून बनाने की मांग उठाना चाहते हैं। दूसरी ओर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के अध्यक्ष वीएम सिंह का कहना है कि उनके संगठन का भारत बंद से कोई लेना-देना नहीं है। मौजूदा आंदोलन में जुटे लोगों से उनका संगठन पहले ही किनारा कर चुका है।
राष्ट्रीय अन्नदाता यूनियन ने भारत बंद कराने वालों का विरोध करने के लिए सड़कों पर उतरने की घोषणा की है। अध्यक्ष रामनिवास यादव ने कहा कि तीन कृषि कानूनों के विरोध आंदोलन चला रहे संगठनों को आम किसान पूरी तरह से नकार चुका है। ऐसे में भारत बंद का आह्वान हताश लोगों की खिसियाहट भर है, जिसका विरोध किया जाएगा।
बता दें कि किसानों के इस 12 घंटे के भारत बंद के दौरान देश भर की दुकानों, बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद रखने का आह्वान किया गया है। सभी तरह की दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। इस दौरान दूध और डेयरी के उत्पादों की डिलीवरी को लेकर समस्या आ सकती है। तय किया गया है कि भारत बंद के दौरान सड़कों को जाम नहीं किया जाएगा। इस वजह से यातायात पूरी तरह से सामान्य रहेगा। इसके अलावा भारत बंद के दौरान किसान रेल मार्ग को भी बाधित नहीं करेंगे। फैक्ट्रियों-कंपनियों को नहीं बंद करवाने का फैसला लिया गया है। पेट्रोल पंप, परचून की दुकानें, मेडिकल स्टोर, जनरल स्टोर और किताब की दुकानें भी इस दौरान खुली रहेंगी।