गोंडा में विवाहिता को प्रेमी ने उतारा था मौत के घाट, पहले खाने में मिलाया जहर फिर चाकुओं से गोदा
गोंडा में गत 13 फरवरी को महिला की मर्डर केस का मामला सुलझा लिया है। विवाहित महिला की हत्या प्रेम प्रसंग में हुई थी। महिला से छुटकारा पाने के लिए उसके प्रेमी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर हत्या की थी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गोंडा, जेएनएन। जिले में गत 13 फरवरी को महिला की मर्डर केस का मामला सुलझा लिया है। विवाहित महिला की हत्या प्रेम प्रसंग में हुई थी। महिला से छुटकारा पाने के लिए उसके प्रेमी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर हत्या की थी। पहले खाने में जहर मिलाया इसके बाद चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने महिला की शिनाख्त कर घटना का पर्दाफाश किया। वहीं आरोपित दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
यह था मामला
पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय के मुताबिक बीते 13 फरवरी को सरयू घाट के पास महिला का शव मिला था। उसके शरीर पर धारदार हथियार के निशान थे। प्रभारी निरीक्षक कर्नलगंज संतोष कुमार सिंह को राजफाश किए जाने का निर्देश दिया। पंपलेट,इंटरनेट मीडिया व सर्विलांस के माध्यम से महिला की पहचान बाराबंकी जिले के बड्डूपुर थाना के एक गांव निवासी के रूप में हुई। जांच में पाया गया कि महिला का पति दो वर्षों से सऊदी में है। महिला का संपर्क बाराबंकी के जहांगीराबाद अजीमनगर निवासी इस्माइल से हो गया। इसके बाद महिला इस्माइल के साथ भागकर शादी करने का दबाव बनाने लगी। इस्माइल पहले से शादीशुदा था। जो जादू का खेल दिखाकर जीवन यापन करता है। उसने शादी से मना किया। इस पर महिला दबाव बनाती रही।
होटल के खाने में मिलाया था जहर
इस्माइल अपने चचेरे भाई इरफान के साथ मिलकर महिला की हत्या की योजना बनाई। इसके तहत 12 फरवरी को इस्माइल ने महिला को फोन कर बुलाया। महिला पहले फतेहपुर स्थित एक बैंक से 65 हजार रुपये निकाले। इसके बाद इस्माइल व इरफान महिला को लेकर रामनगर आ गए। वहां एक होटल पर खाना खाया। इस बीच दोनों ने महिला के खाने में जहर मिला दिया। महिला की तबियत बिगड़ने लगी तो उसे बाइक पर बैठाकर सरयू कटरा घाट के पास सूनसान स्थान पर फेंक दिया। एसपी ने बताया कि महिला को फेंकने के बाद उसके गले व पेट पर चाकुओं से वार कर घायल कर दिया। आरोपित इस्माइल व इरफान को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी निशानदेही पर मृतका का आधार कार्ड, बैंक कार्ड, वोटर आइडी, मोबाइल फोन व चाकू बरामद किया गया है।