बाराबंकी में चुनावी रंजिश में प्रधान के घर में घुसकर हमला, परिवारजन को ढूंढ-ढूंढकर पीटा; पांच घायल
Barabanki Panchayat Election Result 2021 बाराबंकी के लोनीकटरा थाना के दहिला गांव की घटना। प्रधानी के चुनाव में हारे प्रत्याशी ने निर्वाचित प्रधान के घर समर्थकों संग बोला हमला। घायलों को सीएचसी त्रिवेदीगंज में कराया गया भर्ती।
बाराबंकी, जेएनएन। Barabanki Panchayat Election Result 2021: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के त्रिवेदीगंज की दहिला से प्रधानी के चुनाव में हारे प्रत्याशी ने शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे नव निर्वाचित प्रधान के घर समर्थकों संग लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इसमें प्रधान के पांच परिवारजन घायल हो गए। घायलों का त्रिवेदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज करवाया जा रहा है। घटना के वक्त प्रधान घर पर नहीं थे।
हार से आहत, प्रधान के परिवारजन को ढूंढ-ढूंढकर पीटा: मामला लोनीकटरा थानाक्षेत्र के दहिला का है। हाल ही में सम्पन्न हुए पंचायत चुनाव में त्रिवेदीगंज की दहिला से प्रदीप कुमार यादव प्रधान चुने गए हैं। उन्होंने गांव के ही रामदेव रावत को हराया है। आरोप है मतगणना के बाद से ही रामदेव निर्वाचित प्रधान के संबंध में उकसाने वाली टिप्पणियां करता रहा है। शुक्रवार की शाम रामदेव अपने समर्थकों पच्चू, अरविंद, कोकल, संतराम सहित करीब बारह लोगों के साथ प्रदीप के घर पर लाठी-डंडों से धावा बोल दिया। परिवारजन को ढूंढ-ढूंढकर पीटा। इसमें प्रधान की मां यज्ञ कुमारी, पिता छोटेलाल, ताऊ राम किशोर, लल्ला व नन्हा घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को त्रिवेदीगंज पहुंचाया है। घटना के वक्त प्रधान घर से करीब आधा किलोमीटर दूर अपने पालेसर पर गए थे।
आरोपितों पर दर्ज किया जा रहा मुकदमा: थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शुक्ल का कहना है कि ग्राम प्रधान प्रदीप की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा किया जा रहा है। आरोपित पक्ष फरार है।
बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद के मुताबिक, चित्रकूट जेल में गैंगवार के बाद सतर्कता बरती जा रही है। एम्बुलेंस प्रकरण व मुख्तार से जुड़े लोगों के साथ ही आपराधिक प्रवृत्ति के अन्य लोगों की गतिविधियों की निगरानी के निर्देश सभी थानाध्यक्षों को दिए गए हैं। साथ ही जेल प्रशासन से संपर्क बनाकर हालातों पर नजर रखी जा रही है।