अयोध्या को बनाएंगे देश का सबसे बड़ा पर्यटन केंद्र, पर्यटन विभाग और फिक्की की बैठक में हुआ निर्णय Ayodhya News
लखनऊ में पर्यटन विभाग और फिक्की ने पर्यटन उद्योग से जुड़े स्टेक होल्डर्स की हुई बैठक अयोध्या बनेगा देश का सबसे बड़ा पर्यटन स्थल।
लखनऊ, जेएनएन। पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक रविकुमार ने बताया कि अयोध्या को देश का सबसे बड़ा पर्यटन स्थल बनाने के लिए निगम काम कर रहा है। अयोध्या में अनेक काम हो रहे हैं। थीम पार्क और कॉरिडोर बनेंगे, जिसके लिए भूमि अर्जन किया जा रहा है। मंदिर निर्माण की दिशा में केंद्र सरकार काम कर रही है।
पर्यटन विभाग और फेडरेशन ऑफ इंडियन चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) ने शुक्रवार को विभूतिखंड के एक होटल में पर्यटन उद्योग से जुड़े स्टेकहोल्डर्स की बैठक की, जिसमें ये जानकारी दी गई। पयर्टन उद्योग की परिस्थितियों पर चर्चा की गई। डायरेक्टर जनरल पर्यटन रवि कुमार, जनरल सेक्रेटरी यूपीएचआरए गिरीश ओबेरॉय, समीर खेर, हरि सुकुमार, प्रतीक हीरा और टूरिज्म विभाग के अधिकारियों ने यहां वार्ता में भाग लिया।
पर्यटन को लेकर सुझाव, इसके आधार और तौर-तरीके, सर्वाधिक पर्यटक जगहों व इसकी प्रचार रणनीतियों पर चर्चा की गई। यूपी के पर्यटन को बढ़ावा देने और साथ ही नए जगहों में पर्यटन की संभावनाओं की खोज के लिए होटल व्यवसायियों और टूर ऑपरेटरों के साथ बातचीत की गई। चित्रकूट की रणनीतियों पर भी चर्चा की गई। पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक रविकुमार एनजी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि अयोध्या में मंदिर निर्माण पर केंद्र सरकार काम कर रही है।
अयोध्या को विकसित करने, थीम पार्क बनाने और अन्य कामों पर राज्य सरकार तेजी से कार्य कर रही है। भूमि अर्जन किया जा रहा है। अयोध्या देश का सबसे बड़ा पर्यटन स्थल बनेगा।
गिरीश ओबेरॉय ने बताया कि पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए सरकार कई रणनीतियों पर काम कर रही है। यूपी में पर्यटन के लिहाज से आगरा सबसे ऊपर रहता है। हालांकि यूपी में कई ऐसे छोटे कस्बे और शहर हैं जो ऐतिहासिक रूप से काफी महत्वपूर्ण हैं। लेकिन पर्यटन के लिहाज से इंफ्रास्ट्रक्चर न होने के कारण यहां ज्यादा पर्यटक नहीं आते हैं। ऐसे टूरिस्ट क्षेत्रों को हम चिह्नित करेंगे।