अगले महीने से फिर फर्राटा भरेगी अयोध्या-जनकपुरी बस सेवा, NOC का इंतजार
परमिट का नवीनीकरण एनओसी के लिए कागजी कवायद जल्द होगी पूरी संचालन अगले माह।
लखनऊ, (नीरज मिश्र)। करीब दो महीने से बंद लखनऊ वाया अयोध्या से जनकपुरी (नेपाल) के बीच बस सेवा जल्द बहाल होगी। परिवहन निगम प्रशासन ने बसों के परमिट का नवीनीकरण करा लिया है। एनओसी और अन्य कागजी कार्रवाई के बाद अगले माह से अयोध्या-जनकपुरी की बस दौडऩे लगेगी।
परमिट खत्म होने से थम गए थे पहिए
गत वर्ष अगस्त महीने में लखनऊ से अयोध्या, बस्ती, गोरखपुर, गोपालगंज, पिपरा कोठी, मुजफ्फरपुर सीतामढ़ी, भिट्टा मोड़, नेपाल बॉर्डर, होते हुए जनकपुरी के लिए जनरथ बस सेवा की शुरुआत की गई थी। उस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया था। नेपाल से राजनेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल इसी बस सेवा से अयोध्या आया था। इस बस में गोरखपुर तक तो यात्रियों की खूब भीड़ रही लेकिन, नेपाल बॉर्डर के आसपास पर्याप्त यात्री नहीं मिल पाए। किसी तरह संचालन जारी रखा गया। इस वर्ष 10 सितंबर में बस सेवा का परमिट खत्म हो गया। उसके बाद से ही बस के पहिये थमे हुए थे।
बोले अधिकारी, जल्द होगा संचालन
लखनऊ रीजन के क्षेत्रीय प्रबंधक पल्लव बोस ने बताया कि बस सेवा का संचालन अतिशीघ्र होगा। परमिट नवीनीकरण के कारण बस सेवा दूसरे मुल्क में नहीं जा सकती थी। इस दिक्कत को दूर कर लिया गया है। बाकी प्रक्रिया पूरी कर अगले माह हरहाल में संचालन प्रारंभ कर देंगे।