सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पर हमला होने का आरोप, पुलिस ने किया इन्कार
ओम प्रकाश राजभर के बेटे अरुण राजभर ने का कहना है कि लखनऊ स्थित आवस से कुछ दूर पर अंजान लोगों उनकी कार को ओवरटेक कर रोका और हमला कर दिया।
लखनऊ, जेएनएन। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर पर हमला होने का आरोप लगाया गया है। ओम प्रकाश राजभर के बेटे अरुण राजभर ने का कहना है कि पिता अपनी कार से किसी से मिलने जा रहे थे। तभी लखनऊ स्थित आवास से कुछ दूरी पर अज्ञात हमलावरों ने उनके कार के सामने सीधे लाकर अपनी गाड़ी खड़ी कर दी। विरोध पर उन्होंने ओमप्रकाश राजभर पर जानलेवा हमला किया, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। हमलावर धमकी और गालीगलौज करते हुए भाग निकले। घटना की सूचना तत्काल डायल 100 नंबर पर पुलिस को दी गई। साथ ही उच्चाधिकारियों को फोन करके भी घटना से अवगत कराया। इंस्पेक्टर हुसैनगंज के मुताबिक ओमप्रकाश राजभर पर हमले का मामला उनके संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
अक्सर अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के बेटे को भी इससे पहले जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। राजभर के बेटे अरविंद को फोन पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार भी किया है। पुलिस के मुताबिक, डायमंड अपार्टमेंट पुराना किला निवासी यूपी लघु उद्योग निगम के पूर्व अध्यक्ष अरविंद राजभर ने चार अक्टूबर को हुसैनगंज कोतवाली में एफआइआर दर्ज कराई थी।
आरोप लगाया गया था कि अंजान मोबाइल नंबर से उनके पास रात 12 बजे के बाद फोन कर एक व्यक्ति लगातार धमकी दे रहा है। विरोध पर आरोपित लगातार गाली गलौज करता है। आरोपित ने धमकाते हुए कहा था कि सोनभद्र में जो क्रूर घटना हुई है वैसे ही वह उनका हश्र करेगा। फोन पर मिल रही धमकियों से परेशान होकर अरविंद ने हुसैनगंज कोतवाली में एफआइआर दर्ज कराकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की थी। पुलिस ने आरोपित के मोबाइल नंबर के जरिए छानबीन की तो पता चला कि वह नंबर अलीनगर चंदौली निवासी नीशू सिंह का है। पुलिस ने आरोपित को दबोच लिया था।