बलखडिय़ा की पत्नी के हारने से नाराज बदमाशों ने प्रधान के घर में लगाई आग
चित्रकूट के रुकमा बुजुर्ग गांव के मजरा खांच में डकैतों ने आधी रात महिला ग्राम प्रधान के घर की कुंडी बाहर से बंद आग लगा दी और फायरिंग कर दहशत फैलायी। इस गांव से पुलिस मुठभेड़ में मारे गए डकैत बलखडिय़ा की पत्नी लक्ष्मनियां चुनाव लड़ी थी जिसको वर्तमान ग्राम
चित्रकूट। चित्रकूट के रुकमा बुजुर्ग गांव के मजरा खांच में डकैतों ने आधी रात महिला ग्राम प्रधान के घर की कुंडी बाहर से बंद आग लगा दी और फायरिंग कर दहशत फैलायी। इस गांव से पुलिस मुठभेड़ में मारे गए डकैत बलखडिय़ा की पत्नी लक्ष्मनियां चुनाव लड़ी थी जिसको वर्तमान ग्राम प्रधान गोमती देवी ने हराया था।
गांव वालों के अनुसार डकैत कल देर रात 11 और 12 बजे के बीच गांव में घुसे। सीधे ग्राम प्रधान गोमती देवी के घर पहुंचे और गाली-गलौज व धमकी देने लगे। गोमती देवी के घर से कोई नहीं निकला तो फायरिंग शुरू कर दी इसके बाद घर की कुंडी बाहर से बंद कर आग लगा दी। कुछ देर में ही घर धू-धू कर जलने लगा। गोमती देवी उस समय अपने बेटे के यहां कर्वी में थीं, घर में देवर, देवरानी, सास और एक भतीजा मौजूद थे। इन लोगों ने फोन पर गोमती देवी को डकैतों के हमले की जानकारी दी, इस पर गोमती देवी ने पुलिस को फोन किया। इस बीच डकैत वहां से निकल गए तो गांव वाले भी हिम्मत करके निकल आए और कुंडी खोल कर परिवार को बाहर निकाला। परिवार तो बच गया लेकिन पूरा घर राख हो गया।
गांव वालों ने बताया वारदात 30 हजार के इनामिया डकैत शिवा ने की जो कभी बलखडिय़ा का ही साथी था। हाल में उसने तीर्थ यात्रियों पर अंधाधुंध फायरिंग करके लूटपाट की थी। इसमें एक तीर्थ यात्री की जान चली गयी थी। पुलिस ने तलाश में जंगल में काबिंग शुरू कर दी है।