UP Panchayat Chunav Result 2021: नतीजों पर दिग्गजों की नजर, मतगणना में विलंब ने बढ़ा दी बेचैनी
UP Panchayat Chunav Result 2021 उत्तर प्रदेश में वर्ष 2022 के विधानसभा आम चुनाव का सेमीफाइनल माने जा रहे पंचायत चुनाव के नतीजों पर सभी प्रमुख दलों की निगाहें लगी है। रविवार को आरंभ हुई मतगणना में सुस्ती और विलंब से नतीजे मिलने के कारण दिग्गजों की बेचैनी बढ़ी रही।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2022 के विधानसभा आम चुनाव का सेमीफाइनल माने जा रहे पंचायत चुनाव के नतीजों पर सभी प्रमुख दलों की निगाहें लगी है। रविवार को आरंभ हुई मतगणना में सुस्ती और विलंब से नतीजे मिलने के कारण दिग्गजों की बेचैनी बढ़ी रही। जिला पंचायत वार्डों पर ही अधिकतर राजनीतिक दल फोकस किए हैं। भाजपा, सपा, बसपा व कांग्रेस के अलावा स्थानीय दलों ने अपने समर्थित उम्मीदवार जिला पंचायत की जंग में उतारे है।
कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार के बीच हुए पंचायत चुनाव के नतीजों से राजनीतिक दल आगामी रणनीति तय करेंगे। भाजपा पहली बार पूरी तैयारी के साथ पंचायत चुनाव में उतरी है। प्रदेश उपाध्यक्ष व पंचायत चुनाव प्रभारी विजय बहादुर पाठक का कहना है कि कोरोना संक्रमण के बावजूद चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह था। भाजपा चुनाव में पंचायतों की व्यवस्था बदलने और शुचिता लाने के लिए उतरी है। इस दिशा में सकारात्मक बढ़त भी मिली है।
भाजपाइयों का कहना है कि सायं सात बजे तक प्राप्त हुए रुझानों के आधार पर एक हजार से अधिक वार्डों में निर्णायक बढ़त मिल रही है। आगरा में 22, शामली में चार, सहारनपुर में 20, हापुड में पांच, अलीगढ़ में नौ, फीरोजाबाद में आठ व अमरोहा में सात सीटों पर भाजपा समर्थक आगे थे।
उधर समाजवादी पार्टी के लिए पंचायत चुनााव अति महत्वपूर्ण है। ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पकड़ की मजबूती बनाए रखने के लिए पार्टी नेतृत्व ने ताकत लगायी थी। नेतृत्व ने विधायकों व पूर्व जनप्रतिनिधियों को पंचायत चुनाव में बेहतर नतीजे देने के लिए लगाया था। पार्टी का दावा है कि 800 से ज्यादा जिला पंचायत वार्डों में सपा समर्थक बढ़ते लिए हुए है।
बहुजन समाज पार्टी भी पंचायत चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए एड़ी चोटी की ताकत लगाए हुए है। नेतृत्व दलित वोटबैंक में अन्य दलों द्वारा लगायी जा रही सेंध को लेकर भी चिंतित है। बसपाइयों का दावा है कि करीब 600 सीटों पर बसपा समर्थन आगे चल रहें है। इसके अलावा राष्ट्रीय लोकदल अपना दल, आम आदमी पार्टी व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी व अन्य स्थानीय पार्टियां भी पंचायत चुनाव में जोरआजमाईश कर रही है।