AC Bus Service Restart in UP: कोरोना काल में बंद पड़ी सभी एसी बस सेवाएं हुई बहाल, यात्रियों को मिलेगी राहत
कोरोना काल में आधे से ज्यादा खड़ा ऑफलाइन लग्जरी बेड़ा अब ऑनलाइन हो गया है। इनमें वॉल्वो स्कैनिया जनरथ शताब्दी स्लीपर समेत रोडवेज की सभी प्रमुख एसी बसें शामिल हैं। बसों का संचालन शुरू होने से यात्रियों की राह अब और आसान होगी।
लखनऊ, जेएनएन। यात्री अभाव में कोरोना काल में आधे से ज्यादा खड़ा ऑफलाइन लग्जरी बेड़ा अब ऑनलाइन हो गया है। इनमें वॉल्वो, स्कैनिया, जनरथ, शताब्दी, स्लीपर समेत रोडवेज की सभी प्रमुख एसी बसें शामिल हैं। बसों का संचालन शुरू होने से यात्रियों की राह अब और आसान होगी।
इन मार्गों पर बहाल हुई सेवाएं
आगरा, दिल्ली, वाराणसी, प्रयागराज, बलिया, अलीगढ़, गोरखपुर, चित्रकूट, बरेली, शाहजहांपुर, शामली, बहराइच, रुपईडिहा, झांसी, अलीगढ़, आजमगढ़, मथुरा आदि रूटों पर बस सेवाओं का संचालन प्रारंभ हो गया है। आगरा एक्सप्रेस वे और यमुना एक्सप्रेस से होकर अलग-अलग स्थानों की ओर जाने वाली सभी हाई-एंड बसों भी प्रारंभ हो गई हैं। इन बसों की ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू हो गई है।
लखनऊ क्षेत्र में हैं 189 एसी सेवाएं
लखनऊ क्षेत्र से विभिन्न मार्गों की ओर जाने वाली सभी 189 सेवाओं की बहाली हो गई है। इनमें दोनों कैटेगरी की 104 जनरथ बसें, पांच वॉल्वो, 31 स्कैनिया, 43 शताब्दी और छह स्लीपर कोच शामिल हैं।
पूरा बेड़ा आया रूटों पर
राजधानी लखनऊ के चारों बस स्टेशनों से न केवल प्रदेश बल्कि दूसरे प्रांतों की भी बंद पड़ी सेवाएं शुरू हो गई हैं। इनमें करीब 800 साधारण श्रेणी की बसें हैं।
क्षेत्रीय प्रबंधक पल्लव बोस ने बताया कि अब धीरे-धीरे यात्री निकलने लगा है। त्योहार भी नजदीक हैं। ऐसे में सभी बसों का सैनिटाइजेशन करा उनका संचालन शुरू करा दिया गया है। एसी की अभी तक 17 सेवाएं ही संचालित हो रही थीं। अब पूरा वातानुकूलित बेड़ा रूट पर आ गया है। गिनी-चुनी हाई-एंड सेवाएं ही बमुश्किल चल पा रही थीं। यात्रियों की डिमांड देख सभी सेवाओं का संचालन प्रारंभ करा दिया गया है।