गांवों में लगेगी पाठशाला, किसानों को एकीकृत खेती के गुर सिखाएंगे कृषि विशेषज्ञ
पाठशाला में समृद्धि का पाठ पढ़ेंगे किसान। राजधानी की 97 समेत प्रदेश की 52 हजार न्याय पंचायतों में 10 जून से होगी शुरुआत।
लखनऊ, (जितेंद्र उपाध्याय)। पारंपरिक खेती के साथ ही एकीकृत खेती की जानकारी देने के लिए किसानों की पाठशाला चलाई जाएगी। 'द मिलियन फार्मर्स स्कूल' के नाम से न्याय पंचायत स्तर पर खुलने वाली इन 52 हजार पाठशालाओं में एक करोड़ से अधिक किसानों को उन्नतशील खेती के गुर सिखाए जाएंगे। 10 जून से राजधानी में 97 प्राथमिक विद्यालयों समेत प्रदेश में इसकी शुरुआत होगी।
तेज धूप, बारिश और जाड़ों के समय में खेतों में हाड़-तोड़ मेहनत करने वाले किसानों को उतना लाभ नहीं मिल पाता, जितना उन्हें मिलना चाहिए। कृषि विभाग खाद्यान्न उत्पादन बढ़ाने के साथ गेहूं, धान, दलहन और तिलहन जैसी परंपरागत खेती के साथ ही पशुपालन, मुर्गी पालन, मछली पालन, मधुमक्खी पालन करने के प्रति किसानों को जागरूक करता है। अब सरकार की ओर से किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य के सापेक्ष ऐसी एकीकृत पाठशाला चलाने का निर्णय लिया गया है। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों डॉ. अखिलेश दुबे, डॉ. विवेकानंद, डॉ. आरके सिंह की ओर से 102 मास्टर ट्रेनरों को इसके लिए प्रशिक्षण दिया गया है।
चार दिन होगी पढ़ाई
पहले चरण में 'द मिलियन फार्मर्स स्कूल' के नाम से शुरू होने वाली किसान पाठशालाएं चार दिन तक चलाई जाएंगी। जिला कृषि अधिकारी ओपी मिश्रा ने बताया कि एक दिन में दो घंटे की पाठशाला होगी, जिसका समय न्याय पंचायत में रहने वाले किसान तय करेंगे।
उप कृषि निदेशक डॉ. सीपी श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश सरकार ने किसानों की आय दोगुना करने के उद्देश्य से कृषि विभाग को पाठशाला चलाने के निर्देश दिए हैं। एकीकृत खेती के साथ ही आर्थिक समृद्धि की जानकारी किसानों को दी जाएगी। पाठशालाएं 27 मई के बजाय अब 10 जून से शुरू होंगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप