Agniveer Recruitment 2022: यूपी और उत्तराखंड में अग्निवीरों के लिए होगी 10 भर्ती रैली, भरे जाएंगे 10,000 से ज्यादा पद
Army recruitment rally up-Uttarakhand उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सेना जल्द ही ताबड़तोड़ 10 भर्ती रैली आयोजित करने जा रही है। इन रैलियों के माध्यम से दस हजार से अधिक पद भरे जाएंगे।
लखनऊ, [निशांत यादव]। सेना भर्ती मुख्यालय उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड ने अग्निपथ स्कीम में अग्निवीरों की भर्ती रैली का प्रस्तावित कैलेंडर तैयार कर लिया है। उत्तर प्रदेश में 20 सितंबर से 18 दिसंबर तक सात भर्ती रैली कराने की तैयारी है। जबकि उत्तराखंड में एक से 10 सितंबर तक तीन भर्ती रैली होंगी। सेना भर्ती कार्यालय लखनऊ के अंतर्गत आने वाले 13 जिलों की भर्ती रैली नवंबर में कानपुर में होगी। सेना भर्ती मुख्यालय ने इन भर्ती रैली के लिए स्क्रीनिंग कमेटी भी तय कर दी है।
महिला मिलिट्री पुलिस में सैनिक जीडी के पदों के लिए भर्ती लखनऊ छावनी स्थित एएमसी स्टेडियम में 12 से 18 दिसंबर तक होगी। जिसमें उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड की रहने वाली युवतियां हिस्सा लेंगी। सेना भर्ती कार्यालय आगरा के 12, मेरठ के 13 और वाराणसी सेना भर्ती कार्यालयों के अंतर्गत आने वाले 13 जिलों के अभ्यर्थियों की अग्निवीर जीडी, अग्निवीर क्लर्क, अग्निवीर ट्रेड्समैन की भर्ती रैली 20 सितंबर से 10 अक्टूबर के बीच हो जाएगी। इसी तरह सेना भर्ती कार्यालय बरेली के अंतर्गत आने वाले 12 जिलों की रैली 20 अक्टूबर से 10 नवंबर तक, अमेठी के अंतर्गत आने वाले 13 जिलाें की रैली 16 नवंबर से छह दिसंबर तक होगी।
सेना भर्ती कार्यालय लखनऊ के अधीन आने वाले लखनऊ, बाराबंकी, उन्नाव, कानपुर देहात, कानपुर नगर, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, गोंडा, औरैया व कन्नौज जिलों की रैली भी 16 नवंबर से छह दिसंबर तक कानपुर में होगी। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के दो जिलों की रैली एक से सात सितंबर,अल्मोड़ा के चार जिलों की भर्ती एक से 10 सितंबर और लैंसडाउन के अधीन आने वाले सात जिलों की भर्ती रैली एक से 10 सितंबर के बीच होगी। सेना के स्क्रीनिंग बोर्ड के अलावा यूपी की रैलियों के लिए 20 और उत्तराखंड की रैलियों में सेना के 12 मेडिकल आफिसर की तैनाती होगी।
Agnipath Scheme Protest: अग्निपथ योजना को लेकर फैलाई जा रहीं कई अफवाह, जानिए- क्या है सच्चाई