अयोध्या में दलित युवती की हत्याकर गन्ने के खेत में फेंका अर्धनग्न शव, दुष्कर्म की आशंका
पटरंगा थाना के गेरौडा गांव में 20 वर्षीय दलित युवती की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। युवती की हत्याकर उसका अर्धनग्न शव गन्ने के खेत में फेंक दिया गया था। घटना की जानकारी स्वजनों को सुबह नौ बजे हुई जब लोग खेत में काम करने पहुंचे।
अयोध्या, जागरण संवाददाता। पटरंगा थाना के गेरौडा गांव में 20 वर्षीय दलित युवती की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। युवती की हत्याकर उसका अर्धनग्न शव गन्ने के खेत में फेंक दिया गया था। घटना की जानकारी स्वजनों को सुबह नौ बजे हुई, जब लोग खेत में काम करने पहुंचे। युवती एक दिन पहले से ही घर से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई थी। तभी से घर वाले परेशान थे। खोजबीन करने के बाद भी उसका पता नहीं चल पा रहा था। अचानक युवती का शव मिलने से गांव में अफरा तफरी मच गई। हर कोई गन्ने की खेत की तरफ दौड़ पड़ा। एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर व सीओ सुरेंद्र तिवारी ने मौके पर पहुंच कर घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
गेरौडा गांव निवासी पीतांबर की 20 वर्षीय पुत्री नीलू शुक्रवार की शाम पांच बजे से गायब हो गई थी। लापता युवती का शव गन्ने के खेत में शनिवार की सुबह बरामद हुआ। स्वजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या करने का आरोप लगाया है। युवती के कपड़े गन्ने के खेत के बाहर पड़े होने से आसापस लोगों ने खोजा था गन्ने के खेत में उसका शव बरामद हुआ। बाहर पड़े कपड़ों को देखकर स्वजन गन्ने के खेत में खोजबीन करने लगे। शव देखा तो सन्न रह गए। युवती के आधे-अधूरे कपड़े ही बदन पर होने से उसके साथ दुष्कर्म की आशंका व्यक्त की जा रही है। आशंका है कि दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर शव को गन्ने में फेंक दिया गया।
क्षेत्रीय विधायक भी पहुंचे मौके परः विधायक रामचंद्र यादव भी जानकारी होने पर घटनास्थल पर पहुंचे। शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और पुलिस को निष्पक्ष जांच कर अतिशीघ्र घटना के अनावरण के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष विवेक सिंह ने बताया कि हत्या का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज होगा।