180 प्रवासी श्रमिकों को लेकर आज आएगा सिने स्टार अमिताभ बच्चन का विशेष विमान
गुरुवार सुबह पौने दस बजे मुंबई से लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर पहुंचेगा विमान यूपी के हैं सभी श्रमिक।
लखनऊ, जेएनएन। सुपरस्टार अमिताभ बच्चन की पहल पर मुंबई में फंसे 180 श्रमिक गुरुवार सुबह आसमान की उड़ान भरेंगे। पहली बार विमान में बैठने वाले प्रवासी श्रमिक सुबह लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरेंगे। अभिनेता अमिताभ बच्चन मुंबई से प्रवासियों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलवाने का प्रयास कर रहे थे। रेलवे की ओर से उनके प्रस्ताव को क्लीयरेंस नहीं मिला। इसके बाद अभिनेता सोनू सूद की तरह ही अमिताभ बच्चन ने भी पूरा विमान बुक कर प्रवासियों को उनके घर भेजने का जिम्मा उठाया।
अमिताभ बच्चन की ओर से कुछ दिन पहले ही 10 बसों से प्रवासियों को लखनऊ और गोरखपुर समेत कई जिलों में भेजा गया था। अमिताभ बच्चन व उनके सहयोगी ट्रस्ट ने बुधवार को भी 180 सीटों वाले विमानों से श्रमिकों को भेजा था। गुरुवार को विशेष विमान सुबह 9:45 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरेगा।
आपको बता दें कि इससे पहले सोनू सूद ने भी लगभग 18 हजार से 20 हजार श्रमिकों को उनके गृह राज्य ओडिशा, बिहार, उत्तरप्रदेश और झारखंड लौटने में मदद कर चुके हैं। उन्होंने न सिर्फ इन्हें बसों से बल्कि ट्रेन और फ्लाइट से भी उनके घर पहुंचाया है। सोनू सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव नजर आ रहे है। वह सोशल मीडिया पर के जरिए मदद की गुहार लगा रहे लोगों की आगे बढ़कर हर मुमकिन कोशिश कर रहे हैं। यहीं नहीं सोनू सूद सभी के मैसेज का जबवा भी बड़े ही प्यार से दे रहे हैं।