अपर मुख्य सचिव CM शशि प्रकाश गोयल व संजय भूसरेड्डी का प्रमोशन, केंद्र सरकार में होंगे सचिव
Promotion of IAS Officers उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल के साथ अपर मुख्य सचिव आबकारी गन्ना एवं चीनी उद्योग संजय आर. भूसरेड्डी तथा अपर मुख्य सचिव कृषि देवेश चतुर्वेदी केंद्र सरकार में सचिव के पद पर कार्य करेंगे।
लखनऊ, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपर मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल के साथ प्रदेश के तीन आइएएस अफसरों को प्रमोशन मिला है। यह सभी केंद्र सरकार की सेवा में जाएंगे।
उत्तर प्रदेश कैडर के तीन वरिष्ठ आइएएस अफसरों को बड़ा प्रमोशन मिला है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल के साथ अपर मुख्य सचिव, आबकारी, गन्ना एवं चीनी उद्योग संजय आर. भूसरेड्डी तथा अपर मुख्य सचिव कृषि देवेश चतुर्वेदी केंद्र सरकार में सचिव के पद पर कार्य करेंगे। इनको शीघ्र ही कार्यमुक्त करने का भी अनुरोध भी किया गया है। इनके साथ ही उत्तर प्रदेश कैडर के जीवेश नंदन को भी केंद्र में सचिव बनाया गया है। जीवेश नंदन पहले से ही केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर हैं। जीवेश नंदन का प्रमोशन भी लम्बे समय बाद हो गया है। उत्तर प्रदेश के चार सीनियर आइएएस अफसर भारत सरकार में सचिव के पद पर काम करेंगे।
शशि प्रकाश गोयल तथा संजय आर. भूसरेड्डी केंद्र सरकार में पहले संयुक्त सचिव थे। भूसरेड्डी जून 2017 में उत्तर प्रदेश वापस लौटे थे। कोरोना संक्रमण काल में उनके विभाग ने काफी काम किया। इसके साथ ही उनके नेतृत्व में एसआइटी ने कानपुर के बिकरू कांड की जांच करने के बाद अपनी रिपोर्ट दी। उस रिपोर्ट पर काफी बड़ी कार्रवाई की गई है।