किशोरी से दुष्कर्म के बाद आरोपित भाग गया था विदेश, तीन साल बाद अमौसी एयरपोर्ट पर दबोचा गया
तीन साल पहले किशोरी से दुष्कर्म के आराेपित पर चौक पुलिस ने की कार्रवाई अमौसी एयरपोर्ट से दबोचा गया जारी था लुकआउट नोटिस।
लखनऊ, जेएनएन। चौक पुलिस ने किशोरी से दुष्कर्म के आरोपित को अमौसी एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। आरोपित तीन साल पहले एक किशोरी से दुष्कर्म करने के बाद दुबई भाग गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर लुकआउट नोटिस जारी की थी।
इंस्पेक्टर चौक विश्वजीत सिंह के मुताबिक बिल्लौचपुरा नक्खास निवासी मोहम्मद नसीम के मकान में मोहम्मद अदनान किराए पर रहता था। आठ मई 2017 को अदनान ने एक किशोरी से दुष्कर्म कर उसका वीडियो बना लिया था। इसके बाद वह किशोरी को ब्लैकमेल कर उसके साथ लगातार दुष्कर्म करने लगा। किशोरी के विरोध करने पर आरोपित अश्लील वीडियो को इंटरनेट पर अपलोड करने की धमकी देता था। परेशान होकर किशोरी ने अदनान के खिलाफ चौक कोतवाली में दुष्कर्म और धमकी समेत अन्य धाराओं में एफआइआर दर्ज कराई थी। पुलिस अदनान को गिरफ्तार करती, इससे पहले ही वह दुबई भाग गया था।
बुधवार रात में आरोपित अमौसी एयरपोर्ट पर फ्लाइट से पहुंचा। इस दौरान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने छानबीन के दौरान चौक पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद अदनान को दबोच लिया गया। डीसीपी पश्चिम सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी के मुताबिक आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए विदेश मंत्रालय से पत्राचार एवं उच्च तकनीकी का इस्तेमाल किया गया था। गिरफ्तार करने वाली टीम को 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।