बाराबंकी में छह वर्षीय बालिका से दुष्कर्म, ग्रामीणों ने आरोपित को पेड़ से बांधकर पीटा
आरोप है कि वहां पर आरोपित ने उससे बिस्कुट मंगवाया। इसके बाद उसे अपने घर ले गया और दुष्कर्म किया। घटना करीब पांच दिन पहले की बताई जा रही है। गुरुवार की शाम रक्तस्राव होने पर बालिका ने बताया कि आरोपित ने घर ले जाकर डराया और गलत काम किया।
बाराबंकी, जेएनएन। थाना के एक गांव में करीब छह वर्षीय बालिका से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी होने पर दुष्कर्म पीड़िता के परिवारजन ने आरोपित को पेड़ से बांध दिया और पीआरवी को सूचना दी। आरोपित को पेड़ से खोलकर पीआरवी थाने ले आई। उधर, महिला सिपाही बालिका से घटना के बावत पूछताछ कर रही है। बताते हैं कि दरियाबाद थाने के निकट एक गांव की बालिका किराना की दुकान पर सामान लेने गई थी।
आरोप है कि वहां पर आरोपित ने उससे बिस्कुट मंगवाया। इसके बाद उसे अपने घर ले गया और दुष्कर्म किया। घटना करीब पांच दिन पहले की बताई जा रही है। गुरुवार की शाम रक्तस्राव होने पर परिवारजन ने बालिका से पूरी बात पूछी। इस पर उसने बताया कि आरोपित ने घर ले जाकर धारदार हथियार से डराया व मोबाइल में अश्लील वीडियो दिखाया। साथ ही गलत काम किया। परिवारजन ने आरोपित को पकड़ कर अपने दरवाजे ले आए और घर के सामने पेड़ में बांध दिया। सूचना पीआरवी पुलिस को दी गई। इसके बाद गांव में भीड़ एकत्र हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपित को छुड़ाकर थाने ले आई। आरोपित की पिटाई की बात कही जा रही है। यहां पर पीड़िता व उसके परिवारजन भी पहुंचे। कोतवाल सुमित श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। आरोपित को पीआरवी लेकर आई है। पीड़िता से महिला सिपाही जानकारी ले रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।