पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ किशोरी को अगवा करने का आरोपित, ट्रेन से बिहार ले जा रहे थे पुलिसकर्मी
सत्याग्रह एक्सप्रेस ट्रेन से हेमपुर-सीतापुर के बीच से फरार हुए आरोपित को बिहार पुलिस हरियाणा के पानीपत से गिरफ्तार किया था।
सीतापुर, जेएनएन। बिहार जा रही सत्याग्रह एक्सप्रेस से आरोपित पुलिस को चकमा देकर ट्रेन से भाग गया। आरोपित पर 14 वर्षीय किशोरी को भगा ले जाने का आरोप है। घटना गुरुवार रात के करीब 2.50 बजे की है। ट्रेन सिटी रेलवे स्टेशन पहुंची तो पुलिस ने देखा आरापित छोटे लाल साहनी गायब था। इसे बोगी से गायब देख पुलिस के पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन में आरोपित की पत्नी, चार बेटों व एक बेटी को अभिरक्षा में लेकर जीआरपी थाने में बैठाया। फिर आरोपित की खोज में बिहार पुलिस बाइक से निकली। रात में ही हेमपुर स्टेशन पहुंचकर बिहार पुलिस ने आसपास क्षेत्र को खंगाला पर आराेपित छोटे लाल साहनी का कोई सुराग नहीं लगा। हेमपुर स्टेशन से खाली हाथ लौटी जीआरपी पुलिस सुबह फिर हेमपर व उसके आसपास के गांवों में छोटे लाल की तलाश की, पर वह नहीं मिला है। सत्याग्रह एक्सप्रेस ट्रेन से हेमपुर-सीतापुर के बीच से फरार हुए आरोपित को बिहार पुलिस हरियाणा के पानीपत से गिरफ्तार किया था। ये पुलिस कर्मी आरोपित छोटे लाल साहनी और उसकी पत्नी, पांच बच्चों व किशोरी को ट्रेन से बिहार ले जा रहे थे। तभी हेमपुर रेलवे स्टेशन पर रात के 2.25 बजे ट्रेन रुकी, जहां से छोटे लाल साहनी फरार हो गया।
ये है पूरा मामला
सीतापुर जंक्शन जीआरपी थानाध्यक्ष चंद्रपाल ने बताया, बिहार राज्य के पश्चिमी चंपारण जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के नरकटियागंज निवासी छोटेलाल साहनी वहीं की एक बालिका को उसके माता-पिता से बिना बताए अपने परिवार के साथ हरियाणा ले गया था। इस पर किशोरी के पिता ने स्थानीय थाने पर छोटे लाल साहनी के विरुद्ध मुकदमा लिखाया है। जिस पर बिहार के गोपालपुर थाने के दारोगा दिनेश पासवान, सहायक सब इंस्पेक्टर बिंदेश्वरी पासवान और कांस्टेबल पूजा कुमारी आरोपित को गिरफ्तार कर सत्याग्रह एक्सप्रेस से लौट रहे थे।
किशोरी की शिनाख्त पर छोटेलाल की तलाश
पुलिस किशोरी के बताए रास्ते के अनुसार फरार आरोपित की तलाश कर रही है। जीआरपी थानाध्यक्ष चंद्रपाल ने बताया, बिहार पुलिस किशोरी को अपने साथ लेकर फरार आरोपी को खोज रही है। उन्होंने बताया, दोपहर बीत गई है पर अभी आरोपित के भाग जाने के संबंध में बिहारी पुलिस की ओर से जीआरपी थाने पर कोई तहरीर तक नहीं दी गई है।