किसान पथ पर कार और सूमो में भीषण टक्कर, दो की मौत - छह गंभीर रूप से घायल
लखनऊ के किसान पथ पर हुआ भीषण हादसा दो की मौके पर हुई मौत छह गंभीर रूप से घायल।
लखनऊ, जेएनएन। किसान पथ पर बुधवार देर रात सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तेज रफ्तार होंडा सिटी कार और सुमो गाड़ी के आमने सामने टक्कर में हुआ था। गंभीर रूप से घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसीपी विभूति खंड स्वतंत्र कुमार सिंह के मुताबिक दुर्घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले की छानबीन की जा रही है। एसीपी ने बताया कि कुछ लोग सुमो से सवार होकर शाहजहांपुर से नोएडा जा रहे थे। चिनहट इलाके में किसान पथ पर अचानक सुमो गाड़ी और होंडा सिटी की आपस में टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन कई चक्कर पलट गए। दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। चीख पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकाला जा सका। मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई थी। एसीपी के मुताबिक घायलों में रमेश बहादुर, गोकरण बहादुर, उमा, हुमा और सुमो गाड़ी का चालक मोहम्मद यूनुस शामिल हैं। सुमो गाड़ी पर दिल्ली का नंबर अंकित है। वहीं होंडा सिटी पर राजधानी का नंबर है। पुलिस ने शव की शिनाख्त आशुतोष के रूप में की है। वहीं दूसरे की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।