आप नेता संजय सिंह ने कहा- यूपी बना भ्रष्टाचार और अपराध का गढ़, किसानों के साथ हो रहा अन्याय
आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने प्रदेश सरकार पर फिर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यूपी भ्रष्टाचार व अपराध का गढ़ बन गया है। उन्होंने कहा कि शैक्षिक आर्थिक और राजनैतिक रूप से पिछड़े चौहान समाज के अधिकारों को लेकर उनकी पार्टी आंदोलन करेगी।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। आम आदमी पार्टी (आप) के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने प्रदेश सरकार पर फिर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन साल में यूपी भ्रष्टाचार व अपराध का गढ़ बन गया है। वह गुरुवार को देवरिया में आयोजित चौहान समाज स्वाभिमान सम्मेलन में बतौर अतिथि मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि शैक्षिक, आर्थिक और राजनैतिक रूप से पिछड़े चौहान समाज के अधिकारों को लेकर उनकी पार्टी आंदोलन करेगी।
राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि यूपी में स्मार्ट मीटर के नाम पर घोटाला हुआ है। आम उपभोक्ता से ज्यादा बिल वसूला गया है, ऐसे में अब इसके खिलाफ आंदोलन होगा और उपभोक्ताओं को ब्याज सहित बिल वापस दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने पर प्रदेश सरकार फेल साबित हो रही है।
मोदी सरकार ने MSP ख़त्म करके अन्नदाता देश के करोड़ों किसानो के साथ धोखा किया है पंजाब-हरियाणा का किसान सड़कों पर लाठियाँ खा रहा है यू पी का किसान 1000-800रु कुन्तल अपना धान बेचने के लिये दर-दर की ठोकरें खा रहा है।
शर्म करो भाजपा सरकार
कहाँ छुपा है चौकीदार? https://t.co/9NvJvET6ok" rel="nofollow— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) November 26, 2020
राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर भी हमला बोला और कहा कि देश में किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा। ऐसे में केंद्र सरकार किसान बिल को वापस ले। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने एमएसपी खत्म करके अन्नदाता देश के करोड़ों किसानो के साथ धोखा किया है। पंजाब और हरियाणा का किसान सड़कों पर लाठियां खा रहा है। यूपी का किसान 1000-800 रुपये क्विंटल अपना धान बेचने के लिये दर-दर की ठोकरें खा रहा है।