आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी संजय सिंह ने कहा- हर गांव में पहुंचाएंगे ऑक्सीमीटर
सांसद व उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने कोरोना संक्रमण में आम आदमी पार्टी के अभियान की जानकारी देते हुए योगी सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर आक्रोश व्यक्त किया।
लखनऊ, जेएनएन। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता हर गांव में ऑक्सीमीटर लेकर पहुंचेंगे और कोरोना संक्रमण पीड़ितों की यथासंभव मदद करेंगे। शुक्रवार को सांसद व प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने कोरोना संक्रमण में पार्टी के अभियान की जानकारी देते हुए योगी सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर आक्रोश व्यक्त किया। संक्रमण से बचाव के लिए उन्होंने केजरीवाल मॉडल अपनाने की भी सलाह दी।
यूपी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि आम आदमी पार्टी ने प्रत्येक जिले व विधानसभा क्षेत्र में ऑक्सीमीटर उपलब्ध कराना शुरू कर दिया है। सभी जिलों में हेल्पलाइन के जरिये भी कोरोना पीड़ितों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि गाजीपुर में 42 कोरोना पीड़ितों के गायब होने से उनके परिजन परेशान हैं। सिंह ने कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन 3700 से ज्यादा रोगी तब आ रहे है, जबकि टेस्टिंग बहुत कम हो रही है। सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ज्वालामुखी के पहाड़ पर शांति से बैठकर विस्फोट का इंतजार कर रहे है।
कांग्रेस को झटका : आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को एक और झटका देते हुए पार्टी के पूर्व प्रदेश महासचिव कैप्टन सरबजीत सिंह मक्कड़ व आशुतोष पांडे सहित एक दर्जन से अधिक वरिष्ठ नेताओं को सदस्यता ग्रहण कराई। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने बताया कि सांसद संजय सिंह चार अगस्त को कानपुर देहात में ब्रजेश पाल के परिजनों से मिलने के लिए जाएंगे और उनको न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाएंगे।