आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी संजय सिंह का आरोप, देश में अगर कोई जिन्नावादी पार्टी है तो वह भाजपा
आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी व राज्य सभा सदस्य संजय सिंह ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। पार्टी के नौवें स्थापना दिवस के मौके पर राजधानी स्थित प्रदेश कार्यालय में उन्होंने कहा कि देश में अगर कोई जिन्नावादी पार्टी है तो वह भाजपा।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश प्रभारी व राज्य सभा सदस्य संजय सिंह ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। पार्टी के नौवें स्थापना दिवस के मौके पर राजधानी स्थित प्रदेश कार्यालय में उन्होंने कहा कि देश में अगर कोई जिन्नावादी पार्टी है तो वह भाजपा। आखिर आजादी से पहले हिंदू महासभा और मुस्लिम लीग ने साझा सरकार क्यों बनाई। खुद भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी पाकिस्तान गए तो जिन्ना की मजार पर पहुंच गए। यही नहीं उन्होंने जिन्ना को धर्म निरपेक्ष नेता बताया। पार्टी के दिवगंत नेता जसवंत सिंह और आरएसएस के केएस सुदर्शन ने भी अपनी पुस्तकों में जिन्ना का महिमा मंडन किया।
आप के यूपी प्रभारी संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा के पास मुद्दा नहीं है तो वह जिन्ना को लेकर हो-हल्ला मचा रही है। किसान व नौजवान सभी परेशान हैं और राज्य सरकार चुप है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से आप की दिल्ली में तीन बार सरकार बनी। पंजाब में हम मुख्य विपक्षी दल हैं। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गुजरात, गोवा व राजस्थान आदि में लोग गांव-गांव लोग पार्टी का झंडा उठाने को तैयार हैं।
कौन देगा इन मौतों का जवाब : मुख्यमंत्री के शहर गोरखपुर में पुलिस की पिटाई से अंकुर शुक्ला की मौत पर संजय सिंह ने सवाल खड़े किए। कहा आखिर कौन इन मौतों का जवाब देगा। प्रभात मिश्र, इंद्रकांत त्रिपाठी, अरुण वाल्मीकि, मनीष गुप्ता आदि की मौत का मामला उठाते हुए संजय सिंह ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर योगी सरकार के साथ-साथ गृह मंत्री अमित शाह को घेरा। कहा कि शाह यूपी में बेटियों को रात के बारह बजे गहने पहनकर निकलने का सुझाव न दें, बल्कि वह खुद बिना सुरक्षा के गहने पहनकर यूपी की सड़कों पर निकलकर देखें कि उनके साथ क्या हो सकता है।
बधाई, हमने निभाई मुख्य विपक्ष की भूमिका : संजय सिंंह ने केक काटकर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई दी। बोले कि आपकी मेहनत से हमने दिल्ली में तीन बार सरकार बनाई। केजरीवाल के नेतृत्व में हम पंजाब में मुख्य विपक्षी दल के रूप में स्थापित हुए और उत्तराखंड, गोवा, गुजरात, राजस्थान से लेकर यूपी तक गांव-गांव में पार्टी का झंडा उठाने के लिए लोग तैयार हैं। हम यूपी में डेढ़ वर्ष के दौरान मुख्य विपक्ष की भूमिका में रहे। सरकार के हर भ्रष्टाचार से लेकर जनता के हर मुद्दे को हमने प्रमुखता से उठाया। चाहे वो सरकार द्वारा कराए गए फर्जी एनकाउंटर रहे या फिर रात में जला दी गई हाथरस की बेटी का मामला। हमने नौ वर्षों में जो किया वह आजादी के बाद हिंंदुस्तान की राजनीति में बहुत बड़ा बदलाव है।