अमेठी में संदिग्ध हालत में गोली लगने से एक युवक की मौत, खून से लथपथ देख परिवारजन दंग
अमेठी के जगदीशपुर थानाक्षेत्र के पूरे अल्हार मजरे भीखनपुर का मामला। छत पर सो रहे युवक की गोली लगने से मौत। मृतक की मां ने पुलिस को तहरीर सौंपी।
अमेठी, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के अमेठी में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से एक 24 वर्षीय युवक की मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि घटना के समय युवक छत पर सो रहा था। गोली की आवाज सुनकर परिवार वाले दौड़कर पहुंचे तो युवक लथपथ घायल अवस्था में पड़ा था। आननफानन में उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां हालत गम्भीर देख ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की मां ने पुलिस को तहरीर सौंपी है।
ये है पूरा मामला
मामला जगदीशपुर थानाक्षेत्र के पूरे अल्हार मजरे भीखनपुर का है। यहां के गांव निवासी अरसद (24) पुत्र कय्यूम एक मुर्गी दाना कम्पनी का वाहन चलाता है। वह शनिवार की शाम घर लौटा और भोजन के पश्चात अपने घर की छत पर सोने के लिए चला गया। रविवार सुबह करीब साढ़े चार बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई पड़ते ही परिजन छत पर पहुंचे। अरसद को खून से लथपथ घायल अवस्था में देख परिवारजन दंग रह गए। परिवार जन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां हालत गम्भीर देख ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में हैदरगढ़ के निकट युवक की मौत हो गयी। सूचना मिलते ही सीओ सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर छानबीन के बाद भी मौके पर कोई तमंचा व अन्य वस्तु न मिलने से युवक की हत्या का अंदेशा जताया जा रहा है। ऐसे में गोली किसने चलाई यह अभी रहस्य बना हुआ है। हालांकि, परिजनों ने किसी से रंजिश होने से इन्कार किया है। मृतक की मां रेहाना बानो ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। इस सम्बंध में क्षेत्राधिकारी संतोष सिंह ने बताया कि घटना संदिग्ध है। फिलहाल सभी पहलुओं पर गहन पड़ताल की जा रही है।