अंबेडकरनगर: मामूली विवाद में दो पक्षों में मारपीट, छावनी में तब्दील हुआ गांव
अंबेडकरनगर में मामूली विवाद में बाइक जलाया चले लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर डीएम और एसपी के साथ कई थानों की पुलिस व पीएसी तैनात।
अंबेडकरनगर, जेएनएन। बेवाना थानाक्षेत्र के बांसगांव में पानी पीने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच लाठी, डंडा, ईट, पत्थर से जमकर मारपीट हुई। एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया गया। इससे दोनों पक्षों के बीच तनाव व्याप्त हो गया है। घटना की सूचना मिलते डीएम राकेश कुमार मिश्र, एसपी आलोक प्रियदर्शी, एएसपी अवनीश कुमार मिश्र और सीओ के साथ कई थानों की पुलिस और पीएसी ने पहुंचकर गांव को छावनी में तब्दील कर दिया। पुलिस को देख उपद्रवियों ने खुद को अपने घरों में कैद किया है। मामले में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है।
मुहर्रम त्यौहार के कारण एक पक्ष के दर्जनों लोग गांव में एक जगह इकट्ठा थे। इस बीच अपने ननिहाल आया दूसरे पक्ष का लड़का शीबू यहां स्थित हैंडपाइप पर पानी पीने चला गया। इसे लेकर प्रथम पक्ष के लोग भड़क गए और उसे गाली देने लगे। विरोध करने पर उसकी लात घूसों से पिटाई कर दी। इससे दूसरा पक्ष भड़क गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के सैकड़ों लोग आमने-सामने आ गए, और लाठी डंडा तथा ईंट पत्थर से एक दूसरे पर हमला कर दिया। इसमें सात लोगों को चोटे आई हैं। इस बीच वहां खड़ी एक मोटरसाइकिल को हंगामा करने वाले लोगों ने आग के हवाले कर दिया। इससे स्थिति बिगड़ने लगी, और दोबारा दोनों पक्षों के लोग लाठी डंडा, धारदार, धारदार हथियार से लैस होकर इकट्ठा होने लगे। सूचना मिलते ही इलाकाई पुलिस गांव पहुंची और हल्का बल प्रयोग करके भीड़ को तितर-बितर कर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। इसके बाद घटना की सूचना आला अधिकारियों को दी गई।
मसला दो संप्रदायों के बीच होने के नाते अधिकारियों के निर्देश पर भीटी, अहिरौली, महरुआ, सम्मनपुर मालीपुर, अकबरपुर कोतवाली थानों की पुलिस के अलावा पीआरवी, क्यूआरटी के साथ पीएसी के जवानों ने गांव पहुंच कर सुरक्षा संभाल लिया। पुलिस ने उपद्रवियों की तलाश में गांव की घेराबंदी किया है। थानाध्यक्ष श्रीनिवास पांडेय ने बताया स्थिति शांतिपूर्ण है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।