UP Coronavirus News Update : उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित 6711 नए रोगी मिले
UP Coronavirus News Update उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित कुल मरीजों का आंकड़ा 285184 पहुंच गया है। अब तक कुल 4112 लोगों की जान यह खतरनाक वायरस ले चुका है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। बुधवार को भी राज्य में 6711 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। यह अभी तक एक दिन में मिले मरीजों की तीसरी सबसे बड़ी संख्या है। इससे पहले छह सितंबर को 6777 और आठ सितंबर को 6743 मरीज मिले थे। इस माह अभी तक पचास हजार से अधिक संक्रमित मिल चुके हैं। राज्य में एक्टिव मामलों की कुल संख्या 64,028 हैं। जो लोग पूरी तरह ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं उनकी संख्या 2,16,901 हो गई है। इस प्रकार रिकवरी का प्रतिशत 76.09 हो गया है।
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित कुल मरीजों का आंकड़ा 2,85,184 पहुंच गया है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान 66 और लोगों की मौत के साथ अब तक कुल 4112 लोगों की जान यह खतरनाक वायरस ले चुका है। मंगलवार को प्रदेश में 1,44,360 लोगों की कोरोना जांच की गई। अभी तक प्रदेश में कुल 69,17,773 लोगों की कोरोना जांच करवाई जा चुकी है। यूपी में इस समय लखनऊ में सबसे ज्यादा 8606 एक्टिव केस हैं। वहीं दूसरे नंबर पर कानपुर में 4248, तीसरे नंबर पर प्रयागराज में 3535 एक्टिव केस हैं। वहीं सबसे कम 103 रोगी हाथरस में हैं। इसके अलावा महोबा में 125 और बागपत में 120 एक्टिव केस हैं।
यूपी के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि राज्य के 11 जनपदों में सीरो सर्वे के अंतर्गत सैंपल एकत्र करने का काम बुधवार को पूरा हो गया। अब इसकी एंटीबॉडी के लिए टेस्टिंग की जाएगी और महीने के अंत तक हम बता पाएंगे कि इन 11 बड़े शहरों में संक्रमण का प्रतिशत क्या पाया गया है। प्रदेश में एक्टिव मामलों की कुल संख्या 64,028 है जिनमें से 33,731 लोग होम आइसोलेशन में हैं। अब तक 1,36,300 लोगों ने होम आइसोलेशन का विकल्प लिया है, जिसमें से 102,569 का होम आइसोलेशन की अवधि समाप्त हो चुकी है।
यूपी के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि प्रदेश में कंटेनमेंट जोन की संख्या अब 19,658 हो गई है, जिनमें लगभग 15,83,756 मकान चिह्नित हैं। 91,49,453 लाख लोग इन कंटेनमेंट जोन में रह रहे हैं। कंटेनमेंट जोन में पॉजिटिव मामलों की संख्या 49,508 है।