तेज आंधी में हादसे, केंद्रीय मंत्री के भतीजे समेत दो की मृत्यु
बुधवार शाम तेज आंधी में शारदानगर नहर मोड़ पर आंधी में गिरे पेड़ से दबकर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र के पूर्व प्रधान भतीजे की मृत्यु हो गई।
संवादसूत्र, लखीमपुर: बुधवार शाम तेज आंधी में शारदानगर नहर मोड़ पर आंधी में गिरे पेड़ से दबकर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के पूर्व प्रधान भतीजे की मृत्यु हो गई। वहीं दूसरी ओर सीतापुर रोड पर रोडवेज बस की टक्कर से ट्रैक्टर चालक की मृत्यु हो गई।
मंत्री के भतीजे अचिन मिश्रा (40) पुत्र दिनेश मिश्रा निवासी बनवीरपुर बुधवार शाम करीब पांच बजे बाइक से लखीमपुर से घर जा रहे थे। नहर पुल पर अचानक आंधी आ जाने से पेड़ उनके ऊपर गिर गया। जिससे वह दब गए। बाद में पहुंचे ग्रामीणों व पुलिस ने उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वहीं नकहा पिपरी निवासी संकटा प्रसाद (40) ट्रैक्टर लेकर ओयल ईंट लेने गया था। रात करीब 10 बजे वह ईंट लेकर गांव लौट रहा था। सीतापुर रोड पर निजी स्कूल के सामने रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल संकटा को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। धूल भरी आंधी और बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत मैगलगंज क्षेत्र में धूल भरी तेज आंधी के बाद बारिश हुई। इससे मौसम सुहाना हुआ। लोगों को गर्मी से राहत मिली। चंद हवा के झोंकों से मितौली की बिजली भी गुल हुई। बिजली गुल होने से भीषण गर्मी में लोग परेशान रहे। बिजली कर्मचारियों के मुताबिक लाइन में फाल्ट है।
सुबह से मौसम साफ था लेकिन, दोपहर बाद अचानक आसमान में बादल छा गए और धूल भरी आंधी चली। लगभग दो घंटे तक जोरदार आंधी और बादलों के कारण मौसम ठंडा हो गया। सुबह से दोपहर तक जो लोग गर्मी से परेशान थे उन्हें भी राहत मिली। ठंडी हवाओं से मौसम का तापमान भी कम हुआ। कई जगहों पर पेड़ इत्यादि के गिरने की खबरें भी मिली।