एक ही चिता पर खत्म हुई दो किशोरों की दोस्ती की कहानी
एक दिन पहले हादसे में दोनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई थी। शव मिलने के बाद परिवार के लोगों ने उनका अंतिम संस्कार एक साथ किया।
लखीमपुर : शुक्रवार देर शाम ट्रक की चपेट में आकर हादसे का शिकार हुए दो किशोर दोस्तों की कहानी शनिवार शाम एक ही चिता पर खत्म हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार दोपहर बाद गांव पहुंचे दोनों किशोर के शव देखकर परिवारीजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पूरे गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों के मुताबिक दुर्घटना का शिकार हुए दोनों किशोर में अटूट मित्रता थी। वह हर पल एक ही साथ घूमते और खेलते थे। शनिवार शाम परिवारीजनों ने दोनों किशोरों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार कर दिया। निघासन थाना क्षेत्र के गांव बड़हिनपुरवा मजरा दुलही निवासी पंकज कश्यप (16) और प्रेमपति शर्मा (15) शुक्रवार देर शाम खेतों में लगी फसल की रखवाली कर साइकिल से वापस घर लौट रहे थे, तभी ढखेरवा-शारदानगर मार्ग पर गांव से कुछ ही दूरी पर सामने से आ रहे एक ट्रक की चपेट में आ गए थे। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। शनिवार सुबह लखनऊ के मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दोनों की मृत्यु हो गई थी।