कैमरे में कैद हुआ चकदहा का तेंदुआ
ईसानगर के ग्राम चकदहा में पिजरा लगाकर पकड़ने की तैयारी में विभाग। बीती 14 सितंबर को गांव में 12 साल के बालक को इसने निवाला बनाया था।
लखीमपुर : ईसानगर के ग्राम चकदहा में आतंक का कारण बना तेंदुआ तीसरी आंख की पकड़ में आ गया है। बीती 14 सितंबर को गांव में 12 साल के बालक को इसने निवाला बनाया था। उसके बाद गाय का शिकार किया। पड़ताल के दौरान मिले पगचिन्हों से इसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। शिकार बने बच्चे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी यह पहचाना नहीं जा सका। ग्रामीण जानवर को तेंदुआ बता रहे थे, लेकिन वन विभाग साक्ष्य तलाश रहा था। आखिरकार शुक्रवार को विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में छह कैमरे लगाए। शनिवार सुबह चार बजकर 34 मिनट पर कैमरे ने शिकार की तलाश में निकले तेंदुआ की तस्वीर उतार ली। अब सबूत सामने है। असमंजस दूर होते ही वन अधिकारियों ने बहराइच के मोतीपुर रेंज में रखे पिजरे को लाने की हरी झंडी दे दी है।
रेंजर अनिल शाह के अनुसार वनकर्मी पिजरा लेकर चकदहा गांव के लिए निकल चुके हैं। इसके देर शाम तक गांव पहुंचने की उम्मीद है। रविवार को पिजरा लगाया जाएगा। फिलहाल कैमरे लगे हैं और चौकसी बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों से आग जला कर रखने, बच्चों को लेकर सतर्क रहने और खेतों की तरफ न जाने के लिए कहा गया है।