मामूली विवाद में जमकर पथराव, कई हिरासत में
बच्चों में हुआ विवाद बड़ों तक पहुंचा। पथराव के बीच बेबस हुई यूपी 112 टीम। कोतवाली से मांगी मदद। दर्जनभर लोगों को हिरासत में लिए गए। कुछ घायलों की भी सूचना है।
लखीमपुर : मंगलवार अपरान्ह महराजनगर गांव में बच्चों में हुआ विवाद बड़ों तक पहुंच गया। कुछ ही देर में दोनों पक्ष के गुट बने और जमकर ईंट पत्थर चलने लगे। किसी ने यूपी 112 को फोन किया तो टीम मौके पर पहुंची भी, लेकिन दोनों तरफ से पथराव के कारण कदम नहीं बढ़ा सकी। मौके पर बेबस हुई यूपी 112 की टीम की गुहार पर कोतवाली से भारी फोर्स के साथ कोतवाल डीपी तिवारी पहुंचे। तब जाकर स्थिति पर नियंत्रण हो पाया। पुलिस ने इस मामले मे करीब दर्जन भर लोगों को हिरासत में लिया है। कुछ घायलों की भी सूचना है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई घायल सामने नहीं आया था।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक गांव का अंग्रेज नामक युवक दोपहर को पेड़ के नीचे सो रहा था। इसी बीच एक नवयुवा चानू ने माचिस की तीली जलाकर उसे लगा दी। इस बात पर दोनों लड़कों के बीच झगड़ा हुआ। जिसे पड़ोसियों ने खत्म करवा दिया। इसके बाद चानू अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने चला गया। बताते हैं कि करीब दो घंटे बाद चानू ने अपने साथियों के साथ अंग्रेज पर ईंट पत्थरों से फिर हमला कर दिया। इसपर दूसरे पक्ष के लोग भी एकजुट हो गए और पत्थरबाजी शुरू हो गई। खबर पाकर यूपी 112 के सिपाही पहुंचे तो उनकी किसी ने नहीं सुनी। उल्टे उन्हें खुद को ईंट पत्थरों से बचना पड़ा। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों के लोगों के नाम खोजे जा रहे हैं। करीब दो दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा।