पुलिस लाइन के बाद एसएसबी कैंप पहुंचा कोरोना
जिले में चार और मिले पॉजिटिव इनमें एसएसबी जवान भी शामिल। मेला मैदान और महेवागंज में पॉजिटिव मिलने के बाद बढ़ाई सतर्कता। अधिकारियों में भी खलबली मच गई है।
लखीमपुर : जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा है। ताजा रिपोर्ट में चार और पॉजिटिव पाए गए हैं, इनमें एक एसएसबी का जवान भी शामिल है। पुलिस के बाद एसएसबी में कोरोना वायरस के फैलने से अधिकारियों में भी खलबली मच गई है। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने एसएसबी कैंप सहित चारों जगहों पर कंटेनमेंट जोन एरिया घोषित किया है।
डीएम ने बताया कि प्रशासन को 164 रिपोर्ट में 160 सैंपल निगेटिव हैं। पहला पॉजिटिव जिला मुख्यालय के मेला मैदान के भुईफोरवानाथ वार्ड में रहता है। हाल ही में वह हरियाण के गुरुग्राम से आया है। सैंपल लेने के बाद उसे होम क्वारंटाइन किया गया था।
दूसरा पॉजिटिव एसएसबी जवान मझरा कैंप के आवासीय परिसर में क्वारंटाइन है। वह भी हाल में दिल्ली से आया है।
तीसरा पॉजिटिव मोहम्मदी के वार्ड नंबर 21 मुहल्ला सरैंया का निवासी है। वर्तमान में होम क्वारंटाइन है, संक्रमित व्यक्ति हाल ही में मुंबई से आया है।
चौथा पॉजिटिव फूलबेहड़ के ग्राम परसेहरी कलां का है। वह नोएडा से आया है। मौजूदा समय में होम क्वारंटाइन है। परसेहरी कला में पहले भी पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। संक्रमित मरीजों को जगसड़ स्थित कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है। साथ ही इन सभी गांव-मुहल्लों के 250 एरिया में कंटेनमेंट जोन एरिया घोषित कर बैरीकेडिग कर दी गई है। साथ ही लोगों के आवागमन पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। दावत में लोगों से मिलता रहा संक्रमित मेला मैदान में संक्रमित व्यक्ति के घर गुरुवार शाम बरीक्षा की दावत थी, जिसमें करीब डेढ़ सौ लोग आए थे। बताते हैं कि संक्रमित व्यक्ति दावत में आए लोगों के पास जा-जाकर मिलता भी रहा था। इससे संपर्क में आने वाले लोगों में दहशत है।
28 एक्टिव केस जिले में जिले में अब तक कुल 112 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। इनमें इलाज के बाद 84 पॉजिटिव व्यक्ति पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर डिस्चार्ज कर दिए गए और वर्तमान में कुल 28 पॉजिटिव केस है।