समिति पर पहुंचे कृषि यंत्र, किसानों को मिलेंगे किराए पर
अब किसानों को धान की पराली जलाने की जरूरत नहीं है। उसे आसानी से खेत में ही नष्ट किया जा सकता है।
लखीमपुर : अब किसानों को धान की पराली जलाने की जरूरत नहीं है। उसे आसानी से खेत में ही नष्ट किया जा सकता है। इसके लिए सरकार की मंशा के अनुरूप किसानों को किराए पर खेत की पराली नष्ट करने से लेकर जोताई के लिए कृषि यंत्र उपलब्ध हो रहे हैं।
संपूर्णानगर साधन सहकारी समिति में खेती करने योग्य कृषि यंत्र आ चुके हैं। खेत की जोताई बोआई के लिए किसानों को यहां से किराए पर कृषि यंत्र मिलेंगे। समिति के सचिव गुलाबचंद ने बताया कि किसानों को खेतों में पराली नष्ट करने के लिए मल्चर, रोटावेटर सम्मिलित सीड ड्रिल भी आ चुकी है। गेहूं बोने के लिए किसान सीड ड्रिल को भी किराए पर ले सकते हैं। फिलहाल समिति पर खेती के लिए कृषि यंत्र खरीदे गए हैं। किसानों को खेती करने वाले कृषि यंत्र अब किराए पर उपलब्ध होंगे। जिन किसानों के पास कृषि यंत्रों की सुविधा नहीं है। वह किसान इन्हें किराए पर लेकर अपनी जमीन को तैयार कर सकते हैं और अपनी फसल समय से बोआई कर सकते हैं। पराली को कृषि यंत्रों की मदद से खेतों में ही नष्ट किया जाएगा। इसके लिए अधिकांश किसानों के पास कृषि यंत्र नहीं होते हैं। जिनके पास खरीदने की क्षमता भी नहीं होती। इसको लेकर सरकार ने ग्राम पंचायतों एवं समितियों पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराएं हैं, ताकि किसान वहां से किराए पर लेकर समय से अपनी फसल की बोआई कर सकें।