लखीमपुर : भाजपा विधायक योगेश वर्मा को होली के दौरान मारी गई गोली, तीन नामजद
लखीमपुर सदर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक योगेश वर्मा को होली के दौरान गोली मार दी गई। गोली उनके पैर में लगी है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लखीमपुर खीरी, जेएनएन।लखीमपुर सदर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक योगेश वर्मा पर हुए जानलेवा हमले मामले में तीन नामजद किए गए हैं। एसपी पूनम ने बताया कि आरोपितों की तलाश की जा रही है। बीते गुरुवार को रंग खेलने के बाद विधायक अपने भाई सिद्धेश, गनर मोहित व समर्थक पंकज के साथ राजगढ़ अपने घर जा रहे थे। तभी गुरुनानक स्कूल के पास उन्हें पैर में गोली मारकर घायल कर दिया गया था। इसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अभी वह खतरे से बाहर हैं।
ये है पूरा मामला
दरअसल, करीब तीन बजे विधायक रंग खेल कर लौट रहे थे। तभी लखीमपुर कोतवाली के गुरुनानक डिग्री कालेज के पास कार से आये हमलावरों ने पहले विधायक से होली मिली और फिर हमला कर दिया। हमलावर कार से भागने में सफल हो गए। घटना में विधायक के भाई सिद्धेश की तहरीर पर पुलिस ने इलाइचीपुरवा निवासी खनन माफिया प्रेम वर्मा, गढ़ी रोड निवासी पिंकू सक्सेना व एक अन्य नसीम के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है।
विधायक के गनर को सस्पेंड कर दिया गया है। लखीमपुर की एसपी पूनम ने बताया कि अभी तक किसी पिंकी सक्सेना नाम के युवक का नाम सामने आया है, जिसकी तलाश में टीमों को रवाना कर दिया गया है। मामला दर्ज किया गया है, जांच चल रही है। लखीमपुर के जिलाधिकारी एस सिंह ने बताया कि विधायक योगेश वर्मा से कुछ लोगों से मुलाकात के दौरान उनकी बहस हो गई। उन्हीं लोगों में से एक ने उन्हें गोली मार दी। अस्पताल में भर्ती विधायक अभी सदमे में हैं। उनके ठीक होने पर बयान लिया जाएगा।
वर्ष 2017 में भी सदर विधायक योगेश वर्मा व उनके प्रतिनिधि पर खनन माफिया ने फायरिंग कर दी थी, जिसमें वह बाल-बाल बचे थे। विधायक का कहना था कि अवैध खनन के विरोध के कारण हमला करवाया गया था। इस मामले की मुकदमा भी दर्ज करवाया गया था।