नया पिड गांव में भी कटान, नहीं चेत रहा प्रशासन
दो दिनों में मोहाना नदी तीन से चार एकड़ भूमि लील चुकी। ग्राम गंगानगर इंद्रनगर और रननगर में मोहाना पहले से ही कर रही कटान।
लखीमपुर : सीमाई मोहाना नदी ने ग्राम नया पिड में भी कटान शुरू कर दिया है। मोहाना नदी पहले से ही ग्राम इंद्रनगर, गंगानगर व रननगर में कटान रूपी भीषण तबाही मचाए हुए हैं। गंगानगर व रननगर के ग्रामीण प्रशासन द्वारा बचाव कार्य शुरू न करने से परेशान होकर स्वयं कटान रोकने का कार्य भी कर रहे हैं।
तिकुनिया के ग्राम गंगानगर, रननगर व इंद्रनगर में मोहाना नदी द्वारा हो रहा कटान थमा भी न था कि मोहाना नदी ने ग्राम नया पिड में भी तेजी से कटान शुरू कर दिया है। नया पिड में मोहाना नदी तेजी से हरे भरे खेत लीलती हुई आबादी की तरफ बढ़ने लगी है। मोहाना नदी नया पिड में तेजी से कटान कर ग्रामीण मंगत सिंह, चरनजीत सिंह, मलकीत सिंह, रामु, हुकमी बाई के घर के पास आ गयी है। जबकि बलकार सिंह, सुरजीत सिंह, बीरा सिंह इत्यादि लोगों की धान की फसल काट रही है। दूसरी तरफ प्रशासन की उदासीनता से परेशान होकर गंगानगर व रननगर के लोग कटान रोकने का कार्य खुद कर रहे हैं। ग्राम इंद्रनगर में भी मोहाना नदी कटान रूपी तबाही मचाए हुए हैं। विडंबना की बात तो यह है कि तहसील प्रशासन कटान रूपी तबाही को रोकने के कोई भी कार्य नहीं करा रहा है। जिससे कटान पीड़ितों में प्रशासन के प्रति भारी रोष बना हुआ है। ग्राम नया पिड निवासी गुरमीत सिंह ने बताया कि दो दिनों में मोहाना नदी तीन से चार एकड़ भूमि लील चुकी है। प्रशासन यूं ही लापरवाही दिखाता रहा तो पूरा का पूरा गांव मोहाना नदी में समा जाएगा। इधर उप जिलाधिकारी निघासन ओम प्रकाश गुप्ता सिचाई विभाग को कटान रोकने का पत्र भेजने की बात कहकर अपनी जिम्मेदारी से पहले ही इतिश्री कर चुके है।
कटान पीड़ितों की डीएम से मार्मिक गुहार कटान पीड़ित ग्राम नया पिड, इंद्रनगर, गंगानगर, रननगर के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से कटान रोकने की मार्मिक गुहार लगाई है। कटान पीड़ितों का कहना है कि अब डीएम ही उन्हें इस तबाही से बचा सकते हैं।