Move to Jagran APP

हर्ष फायरिंग से लखीमपुर में दूल्हा, इलाहाबाद में दुल्हन के चचेरे भाई व फिरोजाबाद में 12 वर्षीय मासूम की मौत

लखीमपुर खीरी में एक दुल्हन की मांग भरने से पहले उजड़ गई। विवाह के मंडप में मरघट सा सन्नाटा फैल गया। दूल्हा कल द्वारचार के बाद दूल्हा जयमाल के कार्यक्रम में जाने की तैयारी में था।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Mon, 30 Apr 2018 04:57 PM (IST)Updated: Tue, 01 May 2018 01:09 PM (IST)
हर्ष फायरिंग से लखीमपुर में दूल्हा, इलाहाबाद में दुल्हन के चचेरे भाई व फिरोजाबाद में 12 वर्षीय मासूम की मौत
हर्ष फायरिंग से लखीमपुर में दूल्हा, इलाहाबाद में दुल्हन के चचेरे भाई व फिरोजाबाद में 12 वर्षीय मासूम की मौत

लखीमपुर खीरी (जेएनएन)। सुप्रीम कोर्ट के साथ ही हाईकोर्ट तथा सरकार की तमाम बंदिशों के बाद भी वैवाहिक समारोह में हर्ष फायरिंग जारी है। कल लखीमपुर खीरी में हर्ष फायरिंग के दौरान ही शादी का माहौल अचानक से गमगीन हो गया। जिसमें एक युवक की पिस्तौल से निकली गोली से दूल्हे की मौत हो गई। जबकि फिरोजाबाद में एक मासूस की गोली चलने से मौत हो गई। गोली चलाने वाला मासूम का चाचा व यूपी पुलिस का सिपाही है। इसी तरह इलाहाबाद की बारा कोतवाली क्षेत्र के डांडो गांव में रविवार रात शादी के दौरान हर्ष फायरिंग में दुल्हन के चचेरे भाई की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया।

loksabha election banner

लखीमपुर में दोस्त की रिवाल्वर से चली गोली ने ली दूल्हे की जान  

लखीमपुर खीरी में एक दुल्हन की मांग भरने से पहले उजड़ गई। विवाह के मंडप में मरघट सा सन्नाटा फैल गया। दूल्हा कल द्वारचार के बाद दूल्हा जयमाल के कार्यक्रम में जाने की तैयारी में था। इसी दौरान अचानक से एक गोली आकर दूल्हे के सीने में लगी। सब हैरान और वहां से कई लोग आनन-फानन में उसे अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच कर रही है कि दूल्हे पर जान बूझकर फायरिंग की गई या हर्ष फायरिंग के दौरान यह घटना हुई।

लखीमपुर खीरी में यह प्रकरण रामपुर गांव का है। वहां पर हर कोई खुश था। डीजे की धुन पर हर कोई मस्ती कर रहा था। इसी दौरान अचानक से हर्ष फायरिंग होने लगी। एक शख्स जो दूल्हे के ठीक सामने खड़ा था।

उसके हाथ में पिस्टल थी। एक गोली पिस्टल से निकली और दूल्हा सुनील वर्मा के सीने में जा धंसी। इस घटना के बाद वहां हड़कंप मच गया। सुनील वर्मा ने अपना सीना थाम लिया। इसके बाद परिवारीजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत लाया हुआ घोषित कर दिया।

दूल्हा सुनील वर्मा सीतापुर जनपद के महौली थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव से बरात लेकर यहां पहुंचा था। इसके बाद नाश्ता-पानी होने लगा और फिर बराती द्वारचार के लिए दुल्हन की घर की तरफ चल पड़े। सभी लोग खुशी में नाच गा रहे थे। इसी के बीच में दूल्हा द्वारचार पर पूजा में बैठा था। वहां पर कार्यक्रम चल रहा था, इसी दौरान दूल्हे के सामने खड़े एक शख्स, जिसके हाथ में पिस्टल ने फायरिंग कर दी। इसमें एक गोली दूल्हे के सीने में जा लगी। जब लोग उसको लेकर जिला अस्पताल पहुंचे तो वहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

दूल्हा सुनील मेडिकल रिप्रजेंटेटिव था। बेटे की मौत के बाद पिता का रो-रो का बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर लिया। घटना के बाद फायरिंग करने वाला शख्स रामचंद्र फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस यह जांच कर रही है कि फायरिंग जान बूझकर की गई थी या लापरवाही की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ। 

हर्ष फायरिंग में दुल्हन के चचेरे भाई की मौत
इलाहाबाद। बारा कोतवाली क्षेत्र के डांडो गांव में रविवार रात शादी के दौरान हर्ष फायरिंग में दुल्हन के चचेरे भाई की मौत हो गई। आनन-फानन शादी की रस्में अदा कर गमगीन माहौल में देर रात कन्या की विदाई कर दी गई। उधर घटना के बाद आरोपित फरार हो गया।
खीरी थाना क्षेत्र के रेंगा गांव निवासी सुरेश तिवारी की पुत्री विद्या की शादी करछना क्षेत्र के ककरम गांव निवासी विनय शुक्ला पुत्र गुरु प्रसाद शुक्ला से तय हुई थी। रविवार को विवाह था। पूरा कार्यक्रम विद्या के मामा हरगोविंद निवासी डांडो, बारा के घर से हो रहा था। रविवार को बरात पहुंची तो घर में हंसी-खुशी के माहौल में विवाह की रस्म निभाई जा रही थी।

इसी बीच जयमाल के दौरान हरगोविंद के भाई का साला अजय पांडेय पुत्र गंगा प्रसाद, निवासी पंडित का पूरा, गाहुर थाना, बरगढ़, जिला चित्रकूट ने अपने लाइसेंसी शस्त्र से खुशी में फायरिंग कर दी। गोली दुल्हन के बगल में खड़े उसके चचेरे भाई सर्वेश कुमार (20) के हाथ से लगती हुई सीने में जा लगी। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वैवाहिक समारोह में कोहराम मच गया। कोतवाल मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश में दबिश दी जा रही है।

नशे में सिपाही ने की हर्ष फायरिंग, भतीजे की मौत

फीरोजाबाद। शादी में डीजे पर डांस के दौरान नशे में धुत सिपाही द्वारा की गई हर्ष फायरिंग में उसके १२ वर्षीय भतीजे की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित ने तीन साथियों के साथ मिल बच्चे का शव भी गायब कर दिया, जो रविवार शाम तक पुलिस को नहीं मिला। पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजदों समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

सिरसागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अरांव निवासी सुग्रीव की पुत्री का शनिवार को विवाह था। बरात खैरगढ़ से आई थी। रात्रि करीब ९.३० बजे कार्यक्रम स्थल पर लगे डीजे पर महेंद्र बघेल अपने १२ वर्षीय भतीजा मानव के साथ डौंस कर रहा था। इसी दौरान महेंद्र ने लाइसेंसी रायफल से फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली मानव को जा लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। महेंद्र वर्तमान में फरुखाबाद में सिटी कोतवाली में ड्राइवर के पद पर तैनात है।

मानव को अस्पताल ले जाने के बहाने महेंद्र ने उसका शव ही गायब कर दिया और फरार हो गया। इंस्पेक्टर रवींद्र दुबे का कहना है कि बालक की मौत हर्ष फायरिंग में हुई है। आरोपितों ने शव गायब कर दिया है। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही हैं। मृतक मानव के पिता संजय बघेल ने ताऊ के पुत्र महेंद्र बघेल, अप्रयास मिश्र और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.