गंगानगर में कटान तो नया पिड में बाढ़ का खतरा
इंद्रनगर में धीमा पड़ा कटान रननगर में ग्रामीणों ने दो दिन स्वयं चलाया बचाव कार्य अभियान। दो दिन मोहाना नदी ने भीषण कटान कर भारी तबाही मचाई।
लखीमपुर : ग्राम नया पिड में मोहाना नदी की भीषण कटान के बाद अब बाढ़ का खतरा बना हुआ है। बाढ़ के पानी से घिरे नया पिड गांव में लोग नाव से आवाजाही करने पर विवश हैं। इंद्र नगर में कटान धीमा हुआ तो गंगानगर में अभी भी कटान जारी है।
रननगर में ग्रामीणों ने दो दिन स्वयं कटान रोकने का कार्य किया। इससे उनको कुछ राहत जरूर मिली है। गंगानगर, रननगर के प्रधान मलूक सिंह ने बताया कि गंगानगर में अभी भी कटान जारी है। इंद्रनगर में कटान धीमा पड़ने से पीड़ितों में राहत देखी गई। ग्राम प्रधान डंपी ने बताया कि दो दिनों से कटान काफी धीमी गति से हो रहा है। इधर दो दिन नया पिड गांव में कटान रूपी भयंकर तबाही मचाने के बाद मोहाना नदी का जलस्तर बढ़ने से गांव के चारों तरफ बाढ़ का पानी भर गया है। नया पिड गांव के रपटा पुल पर पानी भरने से लोग आवाजाही के लिए नाव का सहारा लेने पर विवश हैं। ग्रामीण गुरमीत सिंह ने बताया कि दो दिन मोहाना नदी ने भीषण कटान कर भारी तबाही मचाई। इसके बाद अब नदी बाढ़ के रूप में तबाही मचाने को बेताब है।