दुधवा-गौरीफंटा मार्ग पर हाथियों ने जमाया कब्जा
करीब एक घंटे तक बंद रहा आवागमन। राहगीरों के शोर मचाने के बाद हाथी सड़क से टस से मस हुए तब जाकर आवागमन सुचारू हो सका। पार्क के वार्डन ने कहा हाथियों को छेड़ना ठीक नहीं।
लखीमपुर : दुधवा से गौरीफंटा जाने वाले मार्ग पर जंगली हाथियों ने करीब एक घंटे तक कब्जा जमाए रखा। राहगीरों के शोर मचाने के बाद हाथी सड़क से टस से मस हुए तब जाकर आवागमन सुचारू हो सका।
दुधवा से गौरीफंटा मार्ग पर दुधवा से करीब सात किलोमीटर आगे मंगलवार को दोपहर लगभग 12 बजे जंगल से निकले हाथियों के झुंड ने कब्जा कर लिया। हाथी सड़क व उसके किनारे काफी देर तक मदमस्त रहे। हाथी काफी चिंघाड़ भी रहे थे। हाथियों के सड़क पर आने से यातायात थम गया। कुछ लोगों ने हिम्मत जुटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया तो हाथियों ने उन्हें दौड़ा लिया। जिससे सबकी हिम्मत जवाब दे गई। सड़क पर दोनों तरफ यात्री हाथियों के हटने का इंतजार करने लगे। करीब एक घंटे तक हाथी नहीं हटे तो राहगीरों ने मिल कर सामूहिक रूप से शोर मचाना और तकड़ी व ईंट के टुकड़े फेंकना शुरू किया जिसके बाद हाथी जंगल में चले गए। हाथियों के जाने के बाद मार्ग पर आवागमन शुरू हो सका। इस बीच दोनों तरफ काफी लोग जमा हो गए थे। पार्क के वार्डन एसके अमरेश ने बताया कि जंगल में हाथियों का सड़क पर आ जाना सामान्य बात है, लेकिन उस दौरान लोगों को सतर्क रहना चाहिए और उनसे छेड़छाड़ नहीं करना चाहिए नहीं तो वे नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे समय में थोड़ा धैर्य रखकर शांति से इंतजार कर लें। हाथी कुछ देर बाद आप की उपस्थित का भान होने के बाद स्वत: जंगल में चले जाते हैं।