ट्रैक्टर से रैनी समदहा पहुंचे डीएम, बाढ़-कटान का लिया जायजा
डीएम ने कहा-प्रभावितों की हर संभव मदद के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध। कहा कि जिले में किसी की भूख से मौत नहीं होनी चाहिए।
लखीमपुर : ग्रामीण इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने के साथ ही लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। डीएम शैलेंद्र सिंह ने पूरे प्रशासनिक अमले के साथ ट्रैक्टर से धौरहरा के ग्राम समदहा के मजरा रैनी पहुंच कर बाढ़, कटान का जायजा लिया और लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं पूछी। डीएम ने कहा कि जिले में किसी की भूख से मौत नहीं होनी चाहिए। लेखपाल से लेकर एसडीएम तक इसे सुनिश्चित कर लें।
डीएम ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन ग्रामीणों की हर संभव मदद करेगा। पिछले दिनों रैनी में पांच ग्रामीणों के घर पूरी तरह से जलमग्न हो गए थे। डीएम ने एसडीएम सुनंदू सुधाकरन को निर्देश दिया कि यहां तत्काल चिकित्सा कैंप लगाया जाए और जिन लोगों के मकान व कृषि योग्य भूमि कटान से प्रभावित है, उसका सर्वे करवाया जाए। डीएम ने सीएमओ को पशुओं के चारे की समुचित व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। कहा कि इस समय नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है, पानी कम होने पर अस्थाई रूप से कटान निरोधक समाधान किया जाए। कहा कि लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। डीएम ने तहसीलदार को निर्देश दिया कि जो लोग प्रभावित हुए हैं उन्हें तत्काल खाद्यान्न किट उपलब्ध कराई जाए। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इससे पूर्व डीएम ने एसपी सत्येंद्र कुमार के साथ रमियाबेहड़ के रामनगर बगहा का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामवासियों से खाद्यान्न मिलने की जानकारी ली।
शारदा बैराज पहुंचकर जाना जलस्तर का हाल डीएम शैलेंद्र सिंह, एसपी सत्येंद्र कुमार के साथ खीरी व तराई के अन्य जिलों में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए शारदा बैराज का निरीक्षण किया। उन्होंने नदी के वर्तमान जलस्तर व खतरे के निशान के बारे में जानकारी ली। शारदा बैराज पर नवनिर्मित स्वचालन नियंत्रण कक्ष को देखा। डीएम ने अभियंताओं को निर्देश दिया कि पूरे बाढ़ अवधि के दौरान वह पूरी तरह सतर्क रहें। जिससे जानमाल की क्षति कम हो। डीएम के निरीक्षण के बाद रैनी पहुंची मदद ग्राम रैनी में शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति हो गई है। रविवार को यहां प्रशासन ने मेडिकल कैंप लगवाया और यहां के किसानों को प्राथमिकता के आधार पर गन्ने का भुगतान दिलाने की बात कही।
शनिवार को डीएम शैलेंद्र सिंह ने एसडीएम के साथ बाढ़ प्रभावित इलाके का ट्रैक्टर से निरीक्षण किया था। उनके निर्देश पर बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों की सूची बनाई गई है। तहसील प्रशासन गांव में राशन किट भी बंटवाने जा रहा है। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित गांव के जिन किसानों के गन्ने का भुगतान बाकी है, उनकी सूची बनाई गई है। डीएम ने चीनी मिल को इन्हें तुरंत भुगतान करने को कहा है।
एसडीएम एस सुधाकरन ने बताया कि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।