साइबर ठगों ने पूर्व विधायक के खाते से पार किए 75 हजार
एसबीआइ मुख्य शाखा में है खाता पुलिस ने दर्ज की एफआइआर। पूर्व विधायक के साथ यह घटना बीती 21 अक्टूबर की रात हुई है।
लखीमपुर : सदर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व सपा विधायक उत्कर्ष वर्मा के बैंक खाते से 75,000 रुपये साइबर ठगों ने पार कर दिए। पूर्व विधायक के साथ यह घटना बीती 21 अक्टूबर की रात हुई है।
सदर कोतवाली पुलिस ने पूर्व विधायक की तहरीर पर मामले में अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
शहर के मुहल्ला राजगढ़ निवासी पूर्व सदर विधायक उत्कर्ष वर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उनका खाता भारतीय स्टेट बैंक, लखीमपुर की मुख्य शाखा में है। पूर्व विधायक ने कहा कि वे अपनी बीमा पॉलिसी प्रीमियम के लिए फोन पे के द्वारा अपने खाते से धनराशि देना चाहते थे, जो कि धनराशि उसमें कैंसिल हो गई। इसके बाद 21 अक्टूबर की रात दस बजकर एक मिनट पर उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि खाते से 75 हजार रुपये कट गए हैं। जब पूर्व विधायक ने बैंक में पता किया तो उन्हें बताया गया उनके खाते से अज्ञात हैकर ने ये धनराशि धोखाधड़ी करके पार कर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शहर कोतवाल राजकुमार वर्मा ने बताया कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।